घुग्घुस: घुग्घुस शहर से करीब 8 किलोमीटर दूर स्थित बेलसानी गांव में अवैध रूप से शराब बेचने का मामला सामने आया है। सूत्रों के अनुसार, इस अवैध व्यापार में कम से कम तीन लोग शामिल हैं, जिनमें से एक व्यक्ति बीमार बताया जा रहा है। ये लोग प्रतिदिन स्कूटी से धानोरा फाटक के पास से शराब लाकर गांव में बेचते हैं, जिससे शराब पीने वालों की संख्या में लगातार इजाफा हो रहा है।
पहले यह व्यवसाय गांव के बाहर संचालित होता था, लेकिन अब गांव के भीतर शुरू होने से स्थानीय लोगों में असंतोष बढ़ता जा रहा है। इससे सामाजिक माहौल बिगड़ने का खतरा भी बढ़ गया है। कई लोग इस व्यापार पर नाराजगी जता रहे हैं और कानूनी कार्रवाई की मांग कर रहे हैं, हालांकि फिलहाल यह मांग दबी जुबान में ही की जा रही है।
बेलसानी गांव में ग्रामपंचायत सरपंच, उपसरपंच, सदस्य, तंटामुक्ती अध्यक्ष, पुलिस पाटिल और कई सामाजिक कार्यकर्ता रहते हैं। ऐसे में यह देखना महत्वपूर्ण होगा कि वे इस अवैध व्यापार को रोकने के लिए कोई कदम उठाते हैं या फिर इसे अनदेखा कर दिया जाता है। ग्रामीणों की निगाहें अब प्रशासन की कार्रवाई पर टिकी हुई हैं।




