उत्तर प्रदेश: मथुरा से एक बेहद दुखद खबर सामने आई है, जहां दर्शन के लिए आए श्रद्धालुओं के साथ बड़ा हादसा हो गया। जिला अधिकारी सी.पी. सिंह ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि लुधियाना से लगभग 132 लोग धार्मिक दर्शन के लिए मथुरा पहुंचे थे। इसी दौरान यह हादसा हुआ, जिसमें अब तक 10 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि कई लोग घायल हुए हैं।
डीएम सी.पी. सिंह के अनुसार प्रशासन लगातार राहत और बचाव कार्य में जुटा हुआ है। उन्होंने बताया कि सभी श्रद्धालुओं की सूची का मिलान किया जा रहा है, जिसमें से फिलहाल दो से तीन लोग अभी भी लापता बताए जा रहे हैं। उनकी तलाश के लिए प्रशासन और बचाव दल लगातार प्रयास कर रहे हैं।
घायलों को तुरंत नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है। राहत की बात यह है कि जो लोग घायल हुए थे, वे अब खतरे से बाहर बताए जा रहे हैं। डॉक्टरों की टीम लगातार उनकी निगरानी कर रही है।
घटना के बाद इलाके में शोक और आक्रोश का माहौल है। प्रशासन ने मामले की जांच के आदेश दे दिए हैं, ताकि हादसे के कारणों का पता लगाया जा सके और भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके।
स्थानीय प्रशासन, पुलिस और स्वास्थ्य विभाग की टीमें मौके पर तैनात हैं और स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए हैं।




