श्री विठ्ठल-रुक्मिणी के दर्शन के लिए उमड़ा भक्तों का सैलाब, विदर्भ के छोटे पंढरपुर में भक्तिमय हुआ वातावरण
घुग्घुस, चंद्रपूर : यहां से कुछ ही दूरी पर स्थित वढा के त्रिवेणी संगम पर कार्तिक पूर्णिमा के पावन अवसर पर हजारों श्रद्धालुओं ने तड़के सुबह से ही गंगा स्नान कर श्री विठ्ठल-रुक्मिणी के दर्शन किए। पूरे तीर्थक्षेत्र में दिनभर भक्तिमय वातावरण बना रहा।
पिछले कई वर्षों से कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर त्रिवेणी संगम में स्नान करने की धार्मिक परंपरा चली आ रही है। इसी परंपरा के चलते चंद्रपुर सहित संपूर्ण विदर्भ से बड़ी संख्या में श्रद्धालु तड़के सुबह से ही वढा पहुंचने लगे थे। इस तीर्थक्षेत्र को विदर्भ का छोटा पंढरपुर भी कहा जाता है।
श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए प्रशासन की ओर से विभिन्न व्यवस्थाएं की गई थीं। चंद्रपुर एसटी महामंडल के आगार से वढा यात्रा के लिए विशेष बसें चलाई गईं। वहीं, गडचांदूर-भोयगांव-वढा मार्ग पर भी अतिरिक्त बसों की व्यवस्था की गई थी।
यात्रा के दौरान विभिन्न सामाजिक एवं धार्मिक संस्थाओं की ओर से अन्नदान कार्यक्रम आयोजित किए गए। इस दौरान श्रद्धालुओं को भोजन वितरित कर सेवा कार्य किया गया।
वहीं, घुग्घुस पुलिस थाना की ओर से यात्रा के दौरान किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए पुख्ता पुलिस बंदोबस्त तैनात किया था।
श्रद्धालुओं की भारी भीड़ के चलते वढा का त्रिवेणी संगम तीर्थक्षेत्र पूरी तरह यात्रा के रंग में रंगा नजर आया। चारों ओर श्रद्धा, भक्ति और उत्साह का माहौल देखने को मिला।




