मॉडिफाइड साइलेंसर लगाकर तेज आवाज और ध्वनि प्रदूषण फैलाने वालों के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई, वाहन चालकों को नियमों का पालन करने की चेतावनी
वर्धा : शहर में मोटरसाइकिलों में मॉडिफाइड साइलेंसर लगाकर कर्णकर्कश आवाज करने और नागरिकों को परेशान करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ वर्धा शहर पुलिस ने सख्त कार्रवाई की है। पुलिस ने अभियान के दौरान चार मोटरसाइकिल जब्त की हैं।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, दिनांक 20 नवंबर 2026 की रात शिवाजी चौक परिसर में पेट्रोलिंग के दौरान पुलिस को एक युवक तेज गति और लापरवाही से मोटरसाइकिल चलाते हुए दिखाई दिया। उसकी बाइक से असामान्य और तेज आवाज आ रही थी। पुलिस ने मोटरसाइकिल की जांच की, जिसमें साइलेंसर में अनधिकृत बदलाव किए जाने की बात सामने आई।

इस संबंध में पूछताछ करने पर युवक ने साइलेंसर में बदलाव बताया। इसके बाद पुलिस ने मामले में संबंधित लोगों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए मॉडिफाइड साइलेंसर वाली चार मोटरसाइकिलें जब्त कीं।
जब्त की गई मोटरसाइकिलों में से R15 बाइक, KTM व्हाइट बाइक, KTM 200 Duke बाइक, मॉडिफाइड पल्सर NS400Z है.
पुलिस की नागरिकों से अपील
वर्धा शहर पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि वे अपने वाहनों में अनधिकृत बदलाव करके कर्णकर्कश आवाज करने वाले साइलेंसर का इस्तेमाल न करें। इस तरह की आवाज से विशेष रूप से बुजुर्गों, छोटे बच्चों और बीमार लोगों को परेशानी होती है। नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में कार्रवाई
पुलिस अधीक्षक सौरभकुमार अग्रवाल, अपर पुलिस अधीक्षक सदाशिव वाघमारे तथा उपविभागीय पुलिस अधिकारी सुनील महाडिक के मार्गदर्शन में वर्धा शहर पुलिस ने यह कार्रवाई की।
इस कार्रवाई में पुलिस निरीक्षक पोनी नागेशकुमार चतरकर के निर्देशानुसार डीबी पथक के पुलिसकर्मियों ने भाग लिया। इनमें शरद गायकवाड, प्रशांत वंजारी, महेंद्र पाटील, नरेश कांबले, वैभव जाधव और रंजीत भुरसे शामिल रहे।
वर्धा पुलिस की इस कार्रवाई से मॉडिफाइड साइलेंसर लगाकर सड़कों पर शोर मचाने वाले वाहन चालकों में हड़कंप मचा है।




