चिंचोली गांव भोगवटादार वर्ग-2 में दर्ज, वणी तहसील कार्यालय के पत्र से हुआ खुलासा; अब शिवनी गांव की श्रेणी को लेकर बढ़ी उत्सुकता, सरकारी दस्तावेजों पर टिकी निगाहें
प्रणयकुमार बंडी
वणी, यवतमाल : शिवनी और चिंचोली गांव की जमीन के सरकारी वर्गीकरण को लेकर शुरू हुई चर्चा अब एक नए मोड़ पर पहुंच गई है। चिंचोली गांव को लेकर वणी के उपविभागीय अधिकारी कार्यालय से जारी सूचना पत्र ने स्थिति स्पष्ट कर दी है। वहीं, अब जल्द ही शिवनी गांव किस श्रेणी में आता है और वहां की जमीन भोगवटादार वर्ग-1 या वर्ग-2 में दर्ज है, इस संबंध में भी सरकारी पत्र सामने आने की उम्मीद है।
14 अक्टूबर 2026 को जारी पत्र के अनुसार, सूचना अधिकार अधिनियम 2005 के तहत मांगी गई जानकारी में वणी तहसील कार्यालय ने स्पष्ट किया है कि मौजा चिंचोली भोगवटादार वर्ग-2 का गांव है और यह वणी तहसीलदार के कार्यक्षेत्र में आता है। इसके साथ ही संबंधित कार्यालय ने यह भी बताया है कि मांगे गए प्रकरण में कार्यालय की ओर से कोई भी अकृषक (NA) आदेश पारित नहीं किया गया है तथा अभिलेखों में ऐसा कोई आदेश उपलब्ध नहीं है।

अब शिवनी के रिकॉर्ड पर सबकी नजर
चिंचोली को लेकर सरकारी जवाब सामने आने के बाद अब शिवनी गांव की वास्तविक राजस्व स्थिति जानने की उत्सुकता बढ़ गई है। शिवनी किस भोगवटादार श्रेणी में आता है? वहां की जमीन का सरकारी वर्गीकरण क्या है? क्या जमीन वर्ग-1 में है या वर्ग-2 में? इन सवालों का जवाब अब सरकारी दस्तावेजों से ही सामने आएगा।
सवाल सिर्फ जमीन का नहीं, सरकारी रिकॉर्ड की पारदर्शिता का है। जब गांवों की जमीन, किसानों के अधिकार और राजस्व संबंधी जानकारी का मामला हो, तो प्रशासन की जिम्मेदारी बनती है कि वह तथ्यों को स्पष्ट और सार्वजनिक करे। आखिर सरकारी रिकॉर्ड में क्या दर्ज है, इसे जानने के लिए नागरिकों को बार-बार सवाल क्यों उठाने पड़ रहे हैं?
फिलहाल चिंचोली का सरकारी रिकॉर्ड सामने आ चुका है। अब निगाहें शिवनी से संबंधित आधिकारिक पत्र पर टिकी हैं। जल्द ही शिवनी गांव की भोगवटादार श्रेणी को लेकर भी तस्वीर साफ होने की उम्मीद है।




