छत्तीसगढ़ : रायपुर पुलिस की कमिश्नरेट पुलिस ने मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए थाना सिविल लाइन क्षेत्र से दो गांजा तस्करों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से भारी मात्रा में गांजा, नकदी और एक कार सहित कुल 32.67 लाख रुपये की संपत्ति जब्त की है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई थी कि सिविल लाइन इलाके में गांजा की बड़ी खेप खपाने की तैयारी की जा रही है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने घेराबंदी कर संदिग्ध वाहन को रोका और तलाशी ली। तलाशी के दौरान वाहन से 50.94 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया।
इसके अलावा आरोपियों के पास से दो लाख रुपये नकद भी जब्त किए गए। जब्त गांजा, नकदी और कार की कुल अनुमानित कीमत 32 लाख 67 हजार रुपये आंकी गई है।
दोनों आरोपियों के खिलाफ नारकोटिक्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस उनसे पूछताछ कर रही है, ताकि इस अवैध कारोबार से जुड़े अन्य लोगों की जानकारी जुटाई जा सके।
कमिश्नरेट पुलिस ने स्पष्ट किया है कि शहर में नशे के कारोबार को किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और ऐसे तत्वों के खिलाफ आगे भी सख्त अभियान जारी रहेगा।




