रायपुर। छत्तीसगढ़ के रायपुर जिले में ऑनलाइन सट्टे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत रायपुर ग्रामीण पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। रायपुर ग्रामीण पुलिस ने थाना तिल्दा नेवरा क्षेत्र के कोहका गांव में ऑनलाइन सट्टा संचालित करते एक आरोपी को गिरफ्तार किया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, मुखबिर से सूचना मिलने पर टीम ने कोहका में दबिश दी, जहां आरोपी मोबाइल और अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों के माध्यम से ऑनलाइन सट्टा संचालित कर रहा था। मौके से पुलिस ने 1 लाख 80 हजार रुपये नकद सहित कुल 2 लाख 55 हजार रुपये की सट्टा सामग्री जब्त की है। जब्त सामग्री में मोबाइल फोन, सट्टा पट्टी, हिसाब-किताब की डायरी और अन्य दस्तावेज शामिल हैं।
आरोपी के खिलाफ जुआ अधिनियम और संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस द्वारा उससे पूछताछ की जा रही है, ताकि इस अवैध सट्टा नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की जानकारी मिल सके।
रायपुर ग्रामीण पुलिस ने स्पष्ट किया है कि क्षेत्र में अवैध सट्टा और जुए के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा तथा इस प्रकार की गैरकानूनी गतिविधियों में संलिप्त लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।




