घुग्घुस (जिला चंद्रपुर) — महाराष्ट्र विधान परिषद चुनाव 2026 की तैयारी अब शुरू हो गई है। भारत निर्वाचन आयोग, नई दिल्ली से प्राप्त निर्देशों के तहत नागपुर विभाग स्नातक (Graduate) मतदार संघ के लिए नई मतदाता सूची तैयार की जाएगी। इस संदर्भ में नगर परिषद घुग्घुस ने आधिकारिक सूचना जारी की है।
सूचना के अनुसार, विधान परिषद की आगामी चुनाव प्रक्रिया के लिए 1 नवंबर 2025 को पात्रता तिथि (Eligibility Date) निर्धारित की गई है। इस तिथि के अनुसार योग्य स्नातक मतदाताओं के नाम नई मतदाता सूची में जोड़े जाएंगे।
नागपुर विभाग के अंतर्गत आने वाले नागपुर, गोंदिया, भंडारा, वर्धा, चंद्रपुर और गडचिरोली जिलों में विधानसभा क्षेत्रवार मतदान केंद्रों के लिए पर्दानिर्देशित अधिकारी (Designated Officer) नियुक्त किए गए हैं।
घुग्घुस नगर परिषद कार्यालय में फॉर्म क्रमांक 18 (मराठी व अंग्रेजी) उपलब्ध कराए गए हैं, जिन्हें पात्र स्नातकों को भरकर 6 नवंबर 2025 तक, सुबह 10:00 बजे से शाम 6:15 बजे के बीच कार्यालय में जमा करना होगा।
नगर परिषद घुग्घुस के मुख्याधिकारी निलेश रांजणकर ने नागरिकों से अपील की है कि जो भी स्नातक मतदाता आगामी विधान परिषद चुनाव में मतदान का अधिकार प्राप्त करना चाहते हैं, वे निर्धारित तिथि के भीतर अपने नामों का पंजीकरण सुनिश्चित करें।
यह कदम चुनाव प्रक्रिया की पारदर्शिता और व्यापक जनभागीदारी सुनिश्चित करने की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है।




