(प्रणयकुमार बंडी)
घुग्घुस, चंद्रपुर : बुद्धा कंपनी से लाखों रुपए के लोहा, मशीनरी, वाहन पार्ट्स, एंगल, पाइप और महँगे उपकरणों की खुली लूट करने वाले संगठित गिरोह पर आखिरकार चंद्रपुर की स्थानीय अपराध शाखा ने शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। सूत्रों के मुताबिक पुलिस को मामले में अहम सुराग और कुछ संदिग्धों की हिरासत से महत्वपूर्ण जानकारी मिली है। परंतु इस पूरे प्रकरण में केवल चोर ही नहीं, बल्कि राजनीति से लेकर सुरक्षा व्यवस्था तक की परतें खुलने लगी हैं — और यही प्रशासन के लिए सबसे बड़ी चुनौती बन गई है।
नेता, व्यापारी, सुरक्षा रक्षक और कर्मचारी… कौन नहीं शामिल?
सूत्रों की मानें तो चोरी का नेटवर्क इतना व्यापक है कि इसमें स्थानीय नेता, सुरक्षा रक्षक, व्यापारी, कुछ कामगार, सरकारी व गैर-सरकारी कर्मचारी शामिल होने की आशंका जताई गई है। कंपनी परिसर और आसपास के स्थानों से दिनदहाड़े लाखों का माल गायब होता रहा, लेकिन लंबे समय तक किसी की नजर नहीं पड़ी — यह स्वयं ही कई सवाल खड़े करता है।
जांच में पारदर्शिता की बात, लेकिन राजनीतिक दबाव हावी
पुलिस ने निष्पक्ष जांच के लिए अतिरिक्त सतर्कता बरती है, कई लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ चल रही है और अन्य को भी नोटिस भेजकर थाने बुलाया जा रहा है।
लेकिन जैसे-जैसे जांच आगे बढ़ रही है, राजनीति की दखल खुलकर सामने आने लगी है।
चुनाव नजदीक होने का फायदा उठाकर कुछ स्थानीय नेता अपने वोटबैंक बचाने के लिए आरोपियों को ढाल देने की कोशिश कर रहे हैं।
यह दबाव पुलिस पर साफ महसूस किया जा रहा है, हालांकि आधिकारिक रूप से पुलिस ने बयान जारी नहीं किया है क्योंकि शक है कि इस चोरी कांड में और भी रसूखदार चेहरे शामिल हो सकते हैं।
पुलिस को ‘डील’ का दबाव, पर कार्रवाई से पीछे हटने को तैयार नहीं
सूत्र बताते हैं कि आरोपियों को बचाने के लिए नेताओं और समर्थकों द्वारा पुलिस पर दबाव बनाया गया, लेकिन अपराध शाखा ने इससे साफ इनकार किया है।
फिर भी, ऐसी राजनीतिक चालें न केवल कानून को कमजोर करती हैं बल्कि अपराधियों के मनोबल को बढ़ाती हैं और जनता में पुलिस के प्रति अविश्वास पैदा करती हैं।
जनता का सवाल—इतनी बड़ी चोरी बिना आंतरिक मदद के कैसे हुई?
चोरी का माल कोई मामूली सामग्री नहीं थी। मशीनरी, भारी लोहे के पार्ट्स, वाहनों के उपकरण—यह सब बिना मदद के बाहर नहीं जा सकता। यह साफ संकेत है कि कंपनी के भीतर और बाहर दोनों जगह मजबूत नेटवर्क काम कर रहा था।
मांग—कड़ी कार्रवाई, चाहे नाम कितना भी बड़ा क्यों न हो
जनता में भारी आक्रोश है और मांग उठ रही है कि— चोरी करने वाले, चोरी का माल खरीदने-बेचने वाले, और उन्हें संरक्षण देने वालों, सभी पर कठोर कार्रवाई हो, चाहे वे नेता हों, अधिकारी हों या फिर कोई प्रभावशाली व्यक्ति।
यह चोरी सामान्य नहीं—बल्कि संगठित अपराध, अंदरूनी सांठगांठ और राजनीतिक संरक्षण का खतरनाक मिश्रण है। अगर इस मामले में निष्पक्ष और कठोर कार्रवाई नहीं हुई, तो यह भविष्य में बड़े अपराधों को खुला निमंत्रण होगा।
घुग्घुस की जनता अब पुलिस से केवल एक ही बात चाहती है— सच सामने आए, और दोषी चाहे कितना भी ताकतवर क्यों न हो, बच न पाए।




