प्रणयकुमार बंडी
घुग्घूस/चंद्रपुर: राजधानी नई दिल्ली के जंतर-मंतर पर चल रहे जनआंदोलन तथा प्रसिद्ध शिक्षाविद एवं समाजसेवी सोनम वांगचुक के समर्थन में घुग्घूस में सोमवार, 20 जुलाई 2026 को एक समर्थन रैली का आयोजन किया जा रहा है। यह रैली सुबह 11 बजे गांधी चौक से आयोजित होगी।
सोशल मीडिया पर वायरल आयोजक घुग्घूस परिवार के अनुसार रैली का उद्देश्य बच्चों के बेहतर भविष्य, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, जनहित से जुड़े मुद्दों तथा लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति अपनी एकजुटता और समर्थन व्यक्त करना है। उन्होंने शहर के सभी नागरिकों, युवाओं, विद्यार्थियों, अभिभावकों एवं सामाजिक संगठनों से अधिक से अधिक संख्या में शामिल होने की अपील की है।
आयोजकों का कहना है कि यह रैली किसी व्यक्ति या संगठन के विरोध के लिए नहीं, बल्कि शिक्षा, सामाजिक जागरूकता और नागरिक अधिकारों से जुड़े मुद्दों पर शांतिपूर्ण तरीके से अपनी आवाज बुलंद करने के लिए आयोजित की जा रही है। उनका मानना है कि बच्चों के उज्ज्वल भविष्य और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के लिए समाज के प्रत्येक वर्ग की भागीदारी आवश्यक है।
इस अवसर पर आयोजकों ने भावनात्मक अपील करते हुए कहा, “हमारी लड़ाई किसी से नहीं, अपने हक और बच्चों के भविष्य के लिए है।” उन्होंने घुग्घूस के सभी नागरिकों से लोकतांत्रिक अधिकारों का सम्मान करते हुए रैली में शामिल होकर जनहित के इस अभियान को सफल बनाने का आग्रह किया।
रैली के लिए शहर में व्यापक स्तर पर जनसंपर्क अभियान भी चलाया जा रहा है। आयोजकों का विश्वास है कि घुग्घूस के नागरिक बड़ी संख्या में गांधी चौक पहुंचकर शिक्षा, जनहित और बच्चों के बेहतर भविष्य के समर्थन में अपनी एकजुटता का संदेश देंगे।




