मैनपुरी, उत्तर प्रदेश: ज्योति खुड़िया क्षेत्र में खाद्य सुरक्षा विभाग ने एक अवैध रूप से संचालित आटा फैक्ट्री पर छापेमारी कर करीब 2,150 किलोग्राम टैल्कम पाउडर बरामद किया। मौके से टैल्कम पाउडर की 43 बोरियां मिलीं। विभाग को आशंका है कि इस पाउडर का इस्तेमाल आटे में मिलाकर मिलावट करने के लिए किया जा रहा था।
खाद्य सुरक्षा आयुक्त श्वेता सैनी ने बताया कि खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन आयुक्त और मैनपुरी जिलाधिकारी के निर्देश पर विभाग की टीम ने आटा मिल में छापेमारी की। जांच के दौरान मिल संचालक कोई वैध लाइसेंस प्रस्तुत नहीं कर सका। इसके बाद फैक्ट्री को तत्काल बंद करा दिया गया।
अधिकारियों के अनुसार, फैक्ट्री परिसर से आटे में मिलाए जाने वाले संदिग्ध मिलावटी पदार्थों की बड़ी खेप बरामद हुई, जिसमें 43 बोरी टैल्कम पाउडर शामिल है। विभाग ने बरामद पदार्थों के नमूने लेकर जांच के लिए प्रयोगशाला भेज दिए हैं।
खाद्य सुरक्षा विभाग ने बताया कि लैब रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल मिल संचालक के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।




