वर्धा: आनंद नगर परिसर में रेलवे पटरी के किनारे टीन के शेड में अवैध रूप से देसी महुआ शराब बनाने की भट्टी पर वर्धा शहर पुलिस ने छापेमारी कर बड़ी कार्रवाई की। पुलिस ने मौके से करीब ₹7,31,300 मूल्य का सामान जब्त किया। कार्रवाई के दौरान एक पुरुष और एक महिला आरोपी, दोनों तारफैल, वर्धा निवासी, मौके से फरार हो गए। दोनों के खिलाफ महाराष्ट्र शराबबंदी कानून के तहत मामला दर्ज किया गया है।
पुलिस के अनुसार, 30 अगस्त 2026 को वर्धा शहर पुलिस थाना क्षेत्र के आनंद नगर इलाके में रेलवे पटरी के पास स्थित टीन के शेड में अवैध रूप से देसी महुआ शराब बनाने की सूचना मिली थी। गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने मौके पर छापा मारकर शराब निर्माण की भट्टी पर कार्रवाई की।

छापेमारी के दौरान शेड में बड़ी मात्रा में देसी महुआ शराब बनाने के लिए इस्तेमाल किया जाने वाला कच्चा महुआ सड़वा, उकळव, तैयार शराब और अन्य सामग्री मिली। पुलिस ने मौके से 400 लीटर उकळव, 4,100 लीटर कच्चा महुआ सड़वा रसायन और 90 लीटर तैयार देसी महुआ शराब सहित कुल ₹7,31,300 का मुद्देमाल जब्त किया।
जब्त सामग्री में नाशवंत तथा शराब निर्माण में इस्तेमाल होने वाले सड़वा, उकळव और अन्य सामान का नियमानुसार पंचनामा किया गया और उसे मौके पर ही नष्ट कर दिया गया। कार्रवाई के दौरान आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की गई।
इस मामले में फरार दोनों आरोपियों के खिलाफ महाराष्ट्र दारूबंदी अधिनियम के तहत अपराध दर्ज किया गया है और आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक सौरभकुमार अग्रवाल, अपर पुलिस अधीक्षक सदाशिव वाघमारे, उपविभागीय पुलिस अधिकारी सुनील महाडिक और वर्धा शहर पुलिस थाना प्रभारी नागेश कुमार चतरकर के मार्गदर्शन में की गई।
कार्रवाई में अपराध प्रकटीकरण दल के पुलिस उपनिरीक्षक शरद गायकवाड़, पुलिस हवलदार महेंद्र पाटील, अभिजित वाघमारे, तथा पुलिस अंमलदार रंजीत भुरसे और अमोल सालवण शामिल रहे।
मामले की आगे की जांच वर्धा शहर पुलिस कर रही है। पुलिस ने कहा है कि अवैध देसी शराब के निर्माण और बिक्री में शामिल लोगों के खिलाफ आगे भी सख्त कानूनी कार्रवाई जारी रहेगी।




