Sunday, November 29, 2026

Breathe of Life Multipurpose Society UCO BANK- A/C- 09110110049020, IFSC : UCBA0000911, MICR CODE : 442028501

spot_img
spot_img

सुभाषनगर मेन गेट के सामने टूटा डिवाइडर, अंधेरे में डूबा चौराहा; हादसे का इंतजार कर रहा प्रशासन?

सड़क किनारे खड़े वाहन और बंद स्ट्रीट लाइट से बढ़ा दुर्घटना का खतरा, शिवसेना के उमेश गुप्ता ने संबंधित विभागों को सौंपा ज्ञापन

घुग्घुस, चंद्रपुर : घुग्घुस के सुभाषनगर कॉलोनी के मुख्य प्रवेश द्वार के सामने राज्य महामार्ग पर स्थित चौराहा इन दिनों दुर्घटनाओं को खुला निमंत्रण दे रहा है। चौराहे के पास रोड डिवाइडर टूटकर क्षतिग्रस्त हो चुका है, स्ट्रीट लाइट की व्यवस्था नहीं होने से रात में पूरा परिसर अंधेरे में डूबा रहता है और सड़क किनारे खड़े वाहन आवागमन में बाधा बन रहे हैं। इसके बावजूद संबंधित विभागों की ओर से अब तक ठोस कार्रवाई नहीं होना प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर रहा है।

इस गंभीर समस्या को लेकर शिवसेना (शिंदे गुट) के घुग्घुस संगठक उमेश गुप्ता ने नगर परिषद के मुख्याधिकारी, IVRCL कार्यालय, पुलिस स्टेशन तथा WCL वणी क्षेत्र के सब एरिया मैनेजर को ज्ञापन सौंपकर तत्काल कार्रवाई की मांग की है।

टूटे डिवाइडर और अंधेरे में सफर, हादसे का खतरा!

सुभाषनगर कॉलोनी के मुख्य प्रवेश द्वार के सामने स्थित इस चौराहे से प्रतिदिन बड़ी संख्या में नागरिकों और वाहन चालकों का आवागमन होता है। सड़क किनारे बेतरतीब खड़े वाहनों के कारण चौराहे पर दृश्यता प्रभावित होती है। वहीं रात के समय पर्याप्त रोशनी नहीं होने से वाहन चालकों को सामने से आने वाले वाहनों और सड़क की स्थिति का अंदाजा लगाना मुश्किल हो जाता है।

टूटे हुए डिवाइडर के कारण भी दुर्घटना की आशंका बनी हुई है। सवाल यह है कि क्या संबंधित विभाग किसी बड़े हादसे के बाद ही जागेंगे?

ज्ञापन देकर मांगी तत्काल कार्रवाई

उमेश गुप्ता ने संबंधित विभागों से मांग की है कि चौराहे का तत्काल निरीक्षण कर क्षतिग्रस्त डिवाइडर की मरम्मत कराई जाए। पर्याप्त स्ट्रीट लाइट लगाई जाए, सड़क किनारे अनियमित रूप से खड़े वाहनों पर कार्रवाई की जाए तथा दुर्घटनाओं को रोकने के लिए आवश्यक सुरक्षा उपाय किए जाएं। इसके अलावा वाहन चालकों की गति नियंत्रित करने के लिए नियमानुसार स्पीड ब्रेकर बनाने की भी मांग की गई है।

सड़क सुरक्षा के लिए भी ज्ञापन देना पड़े, तो जवाबदेही किसकी?

सबसे गंभीर और ध्यान देने वाली बात यह है कि नागरिकों की जान-माल की सुरक्षा से जुड़े बुनियादी इंतजामों के लिए भी जनप्रतिनिधियों और सामाजिक कार्यकर्ताओं को विभाग-दर-विभाग ज्ञापन सौंपना पड़ रहा है। यह स्थिति संबंधित अधिकारियों की सक्रियता और प्रशासनिक जवाबदेही पर सवाल खड़े करती है।

सड़क सुरक्षा केवल कागजों पर चलने वाला अभियान नहीं, बल्कि जमीन पर दिखाई देने वाली व्यवस्था होनी चाहिए। टूटे डिवाइडर, अंधेरे चौराहे और सड़क किनारे खड़े वाहनों की समस्या कोई छोटी शिकायत नहीं है। अब देखना यह है कि संबंधित विभाग समय रहते कार्रवाई करते हैं या फिर किसी बड़े हादसे के बाद ही प्रशासन की नींद खुलेगी?

spot_img

Pranaykumar Bandi

WhatsApp No - 9112388440
WhatsApp No - 9096362611
Email id: vartamanvarta1@gmail.com

RELATED ARTICLES
Today News

Breaking News

Crime News