चंद्रपुर : सरदार पटेल महाविद्यालय, चंद्रपुर के हिंदी विभाग द्वारा पीएम ऊषा योजना के अंतर्गत जागरूकता प्रशिक्षण और क्षमता निर्माण कार्यक्रम के तहत 2 से 6 सितम्बर 2025 तक “संभाषण कौशल्य एवं सूत्र संचालन की कला” विषय पर सर्टिफिकेट कोर्स का आयोजन किया गया।
इस कोर्स में बी.ए., बी.कॉम., बी.एससी. और एम.ए. हिंदी के 25 से अधिक विद्यार्थियों ने भाग लेकर सूत्र संचालन की बारीकियों का व्यावहारिक प्रशिक्षण प्राप्त किया। प्रख्यात वक्ता नासिर खान, रजनी पाल और कल्याणी कौसारे ने विद्यार्थियों को मंच संचालन की कला, भाषा की शुद्धता, प्रभावी संचार और आत्मविश्वास से प्रस्तुति देने के गुर सिखाए।
कार्यक्रम का शुभारंभ हिंदी विभाग की प्राध्यापिका डॉ. सुनीता बनसोड ने किया। महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. पी.एम. काटकर ने विद्यार्थियों को सूत्र संचालन की कला को करियर और सामाजिक आयोजनों में आवश्यक बताते हुए मार्गदर्शन किया। संस्था के अध्यक्ष नामदेवराव पोरेड्डीवार ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि यह कोर्स विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में सहायक सिद्ध होगा।
समापन अवसर पर डॉ. शैलेन्द्र कुमार शुक्ल ने सभी वक्ताओं और आयोजन समिति के प्रति आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम की सफलता में प्रा. रीता पाठक, प्रा. प्रणिता गडकरी, प्रा. माधुरी कटकोजवार, प्रा. अश्विनी शाकीनाला और शैलजा ठमके का विशेष योगदान रहा।
प्रतिभागियों ने इस कोर्स को अत्यंत उपयोगी बताते हुए कहा कि इससे उन्हें न केवल सूत्र संचालन की तकनीकें सीखने को मिलीं, बल्कि आत्मविश्वास और नेतृत्व कौशल में भी वृद्धि हुई। समापन समारोह में सभी विद्यार्थियों को प्रमाणपत्र वितरित किए गए।
यह सर्टिफिकेट कोर्स पीएम ऊषा योजना के तहत शिक्षा और कौशल विकास को बढ़ावा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल साबित हुआ।





