हाल ही में शहर के एक प्रमुख चौक के पास स्थित एक घर में पत्ते (जुआ) खेलते हुए कुछ लोगों को रंगे हाथ पकड़े जाने की घटना सामने आई है। इस पूरी घटना की एक तस्वीर सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रही है, जिसके बाद नागरिकों के बीच तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं।
स्थानीय लोगों के अनुसार, यह छापा कथित रूप से कुछ अज्ञात पुलिसकर्मियों द्वारा मारा गया था। छापेमारी के दौरान मौके से ताश के पत्ते और हजारों रुपये बरामद किए गए, लेकिन हैरानी की बात यह रही कि आरोपियों को पुलिस थाने ले जाने के बजाय वहीं छोड़ दिया गया।
इस घटना के बाद लोगों में यह भ्रम फैला कि शायद नए कानूनों के तहत अब मौके पर ही छोड़ने का कोई प्रावधान हो सकता है। लेकिन एक सप्ताह बीत जाने के बावजूद न तो कोई आधिकारिक पुष्टि हुई और न ही कोई ठोस कार्रवाई नजर आई, जिससे नागरिकों के बीच संदेह और चर्चा और गहरी हो गई है।
नुक्कड़ चौराहों पर हो रही चर्चाओं में यह सवाल प्रमुखता से उठ रहा है कि कहीं यह पूरी कार्यवाही सिर्फ दिखावा तो नहीं थी? क्या कुछ रसूखदार लोगों को बचाने की कोशिश की जा रही है?
नागरिकों की मांग है कि इस पूरे मामले की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए। ताकि यह स्पष्ट हो सके कि यह सच में कोई साजिश है या फिर सोशल मीडिया पर फैल रही यह एक अफवाह मात्र है। प्रशासन से इस मामले में जल्द से जल्द स्पष्टीकरण की उम्मीद की जा रही है।




