प्रणयकुमार बंडी
घुग्घूस/चंद्रपुर: घुग्घूस नगर परिषद के प्रभाग क्रमांक 11 स्थित अमराई उड़िया मोहल्ला के नागरिकों ने एक परप्रांतीय ठेकेदार के खिलाफ नगराध्यक्ष को लिखित शिकायत देकर तत्काल कार्रवाई की मांग की है। आरोप है कि संबंधित ठेकेदार पिछले डेढ़ से दो महीने से जानबूझकर ऐसे संकरे रास्ते से भारी वाहनों का आवागमन करवा रहा है, जबकि बड़े वाहनों के लिए वैकल्पिक मार्ग उपलब्ध है।
शिकायत के अनुसार, ठेकेदार अपने साथ 10 से 12 बाहरी मजदूरों के साथ वार्ड में रह रहा है और बार-बार भारी वाहनों को संकरी गली से निकालकर स्थानीय नागरिकों को परेशानी में डाल रहा है। इससे गली में खेल रहे छोटे बच्चों, महिलाओं तथा घरों के बाहर खड़े दोपहिया और चारपहिया वाहनों को लगातार खतरा और असुविधा का सामना करना पड़ रहा है।
वार्डवासियों का कहना है कि कई बार समझाने के बावजूद संबंधित व्यक्ति अपनी कार्यशैली बदलने को तैयार नहीं है। उनका आरोप है कि यह सब जानबूझकर किया जा रहा है, जिससे स्थानीय लोगों में भारी नाराजगी है। नागरिकों ने चेतावनी दी है कि यदि समय रहते प्रशासन ने हस्तक्षेप नहीं किया तो भविष्य में कोई अप्रिय घटना घट सकती है, जिसकी जिम्मेदारी संबंधित ठेकेदार और प्रशासन की होगी।
नगराध्यक्ष को सौंपे गए आवेदन में मांग की गई है कि संबंधित व्यक्ति के खिलाफ कड़ी प्रशासनिक कार्रवाई की जाए तथा यह सुनिश्चित किया जाए कि भविष्य में कोई भी बाहरी व्यक्ति स्थानीय नागरिकों को इस प्रकार परेशान न कर सके। नागरिकों का कहना है कि दोषी के खिलाफ सख्त कार्रवाई कर प्रशासन एक उदाहरण प्रस्तुत करे, ताकि दोबारा कोई इस तरह की मनमानी करने का साहस न कर सके।
फिलहाल इस मामले में नगर परिषद की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। अब स्थानीय लोगों की निगाहें प्रशासन की कार्रवाई पर टिकी हुई हैं।




