प्रणयकुमार बंडी
घुग्घुस, चंद्रपुर : शहर में अवैध रूप से बिक रहे सुगंधित तंबाकू, माझा और सुगंधित खर्रा का कारोबार अब खुलेआम चर्चा का विषय बन चुका है। मुख्य सड़कें, स्कूलों के आसपास, सार्वजनिक स्थानों और कई चौक-चौराहों पर यह अवैध धंधा बेखौफ तरीके से संचालित होने की बातें सामने आ रही हैं। खास बात यह है कि महाराष्ट्र में प्रतिबंधित सुगंधित तंबाकू उत्पादों की बिक्री पर कानूनन रोक होने के बावजूद कई दुकानों पर खुलेआम बिक्री जारी होने से कानून व्यवस्था और स्थानीय निगरानी व्यवस्था पर सवाल उठ रहे हैं।
सूत्रों के अनुसार जिले की विशेष पुलिस टीम कथित तौर पर अवैध कारोबार में लिप्त रसूखदार सप्लायरों, थोक व्यापारियों और स्थानीय विक्रेताओं पर नजर बनाए हुए है। जिले में नए पुलिस अधीक्षक (SP) के आने के बाद से ही अवैध धंधों पर बड़ी कार्रवाई की चर्चाएं तेज हो गई हैं। शहर में यह चर्चा भी जोर पकड़ रही है कि आने वाले दिनों में सुगंधित खर्रा और प्रतिबंधित तंबाकू उत्पाद बेचने वालों पर कड़ी कार्रवाई हो सकती है।
स्थानीय नागरिकों का कहना है कि स्कूल और सार्वजनिक स्थलों के आसपास इस तरह की बिक्री युवाओं और विद्यार्थियों के स्वास्थ्य के लिए गंभीर खतरा बनती जा रही है। कई सामाजिक संगठनों ने भी प्रशासन से सख्त कार्रवाई की मांग उठाई है। सवाल यह भी उठ रहा है कि आखिर खुलेआम चल रहे इस कारोबार पर अब तक प्रभावी अंकुश क्यों नहीं लग पाया।
शहर में यह भी चर्चा है कि अवैध सप्लाई चेन से जुड़े कुछ लोग अंदरूनी संरक्षण के भरोसे कारोबार चला रहे हैं। ऐसे में यदि विशेष पुलिस टीम या स्थानीय पुलिस द्वारा संयुक्त कार्रवाई की जाती है, तो कई बड़े नाम सामने आने की संभावना से इनकार नहीं किया जा रहा।
अब सबकी नजर इस बात पर टिकी है कि जिले की विशेष टीम घुग्घुस में सीधे कार्रवाई करेगी या स्थानीय स्तर पर पहले से सक्रिय पुलिस तंत्र इन अवैध कारोबारियों को कानून के शिकंजे तक पहुंचाएगा। आने वाले दिनों में पुलिस की कार्रवाई घुग्घुस में कानून व्यवस्था को लेकर बड़ा संदेश दे सकती है।




