दिल्ली — तिब्बती युवा कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने आज दिल्ली स्थित चीनी दूतावास के बाहर जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने धार्मिक नेता तुलकु रिग्जिन हंगकर दोरजे की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत की निष्पक्ष जांच और न्याय की मांग की।
तुलकु रिग्जिन हंगकर दोरजे लंबे समय से लापता थे और हाल ही में उनकी रहस्यमयी मौत की खबर सामने आई, जिससे तिब्बती समुदाय में आक्रोश फैल गया। प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि यह मामला चीन में तिब्बती धार्मिक नेताओं पर हो रहे उत्पीड़न और दमन का एक और उदाहरण है।
प्रदर्शन के दौरान युवाओं ने हाथों में पोस्टर और बैनर लेकर चीन विरोधी नारे लगाए और अंतरराष्ट्रीय समुदाय से इस मामले में हस्तक्षेप करने की अपील की। तिब्बती युवा कांग्रेस ने सरकार से भी मांग की है कि वह इस मामले को अंतरराष्ट्रीय मंचों पर उठाए और चीन पर दबाव बनाए।
इस घटना ने तिब्बती समुदाय की चिंताओं को एक बार फिर उजागर कर दिया है, जो वर्षों से चीन में धार्मिक स्वतंत्रता और मानवाधिकारों के उल्लंघन को लेकर आवाज उठा रहा है।




