महाराष्ट्र में आज से गतिशील शासन की शुरुआत : मुख्यमंत्री देवेन्द्र फड़णवीस
नागपुर : राज्य मंत्रिमंडल का विस्तार हो गया है और कुल 39 मंत्रियों ने शपथ ली है. महाराष्ट्र में आज से गतिशील शासन की शुरुआत हो गई है. मुख्यमंत्री देवेन्द्र फड़णवीस ने कहा कि शीतकालीन सत्र में विपक्ष द्वारा विभिन्न संसदीय हथियारों का इस्तेमाल कर उठाए गए सभी मुद्दों पर चर्चा कर राज्य और जनता के हित में निर्णय लिये जायेंगे. उन्होंने यह भी कहा कि शीतकालीन सत्र में कुल 20 विधेयक पेश किये जायेंगे.
नागपुर शीतकालीन सत्र की पूर्व संध्या पर मुख्यमंत्री देवेन्द्र फड़णवीस ने रामगिरि स्थित सरकारी आवास पर हुई मंत्रिपरिषद की बैठक के बाद प्रेस कॉन्फ्रेंस की. इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे, उप मुख्यमंत्री अजित पवार, मंत्री चन्द्रशेखर बावनकुले, मंत्री चंद्रकांत पाटिल, गिरीश महाजन आदि उपस्थित थे.
मुख्यमंत्री श्री फड़णवीस ने कहा कि महाराष्ट्र में आम आदमी और खासकर विदर्भ के लोगों को राहत देने की कोशिश की जाएगी क्योंकि विदर्भ में सत्र चल रहा है. इस सत्र में राज्यपाल के अभिभाषण पर चर्चा, अनुपूरक मांगों पर चर्चा, सत्ता पक्ष और विपक्ष के प्रस्ताव पर चर्चा होगी, साथ ही करीब बीस विधेयक पेश किये जायेंगे.




