मुंबई: शिवसेना (यूबीटी) नेता आदित्य ठाकरे ने मुंबई में हो रही बारिश और उससे उत्पन्न समस्याओं को लेकर भाजपा तथा बृहन्मुंबई महानगरपालिका (बीएमसी) के कामकाज पर तीखा हमला बोला।
प्रेस से बातचीत के दौरान आदित्य ठाकरे ने कहा, “हम सभी को बारिश की आस थी, लेकिन दुख की बात है कि भाजपा के हाथ में बीएमसी है और उनसे लोगों की तकलीफें संभाली नहीं जा रही हैं। भाजपा को शासन चलाना नहीं आता है।”
उन्होंने आरोप लगाया कि हर वर्ष बारिश के दौरान मुंबईकरों को जलभराव, ट्रैफिक जाम और अन्य बुनियादी समस्याओं का सामना करना पड़ता है, लेकिन प्रशासन इन चुनौतियों से प्रभावी ढंग से निपटने में विफल रहा है। ठाकरे ने कहा कि जनता को बेहतर नागरिक सुविधाएं उपलब्ध कराना प्रशासन की जिम्मेदारी है, लेकिन वर्तमान व्यवस्था इस मोर्चे पर असफल साबित हो रही है।
आदित्य ठाकरे के इस बयान के बाद मुंबई में बारिश के दौरान नागरिक सुविधाओं और बीएमसी की कार्यप्रणाली को लेकर राजनीतिक बहस तेज होने की संभावना है।




