मुंबई: मुंबई के साकीनाका इलाके में खुले नाले में गिरने से एक व्यक्ति की मौत के मामले में मुंबई की मेयर Ritu Tawde ने गहरा दुख व्यक्त किया है। उन्होंने घटना को बेहद दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए मामले की जांच के आदेश दिए हैं।
मेयर ऋतु तावड़े ने कहा कि मुंबई में भारी बारिश को देखते हुए रेड अलर्ट जारी है। ऐसे समय में मैनहोल खोलकर उस पर जाली लगाने का कार्य किया जा रहा है। उन्होंने सवाल उठाया कि इस काम का ठेका दो वर्ष पहले जारी किया गया था, फिर भी प्रशासन ने अब तक क्या कार्रवाई की, इसकी पूरी जानकारी ली जा रही है।
उन्होंने बताया कि मामले की जांच के लिए एक जांच समिति गठित कर दी गई है। साथ ही प्राथमिक जिम्मेदारी तय करते हुए संबंधित वार्ड अधिकारी, सहायक अभियंता (AE) और कनिष्ठ अभियंता (JE) को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है।
मेयर ने मृतक के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए पीड़ित परिवार को 10 लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा भी की। उन्होंने कहा कि दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।




