आज सुबह उत्तराखंड से एक बेहद दुखद खबर सामने आई है। आर्यन एविएशन कंपनी का एक हेलीकॉप्टर, जो केदारनाथ से गुप्तकाशी के लिए रवाना हुआ था, रास्ते में दुर्घटनाग्रस्त हो गया। यह हादसा सुबह करीब 5:00 से 5:20 बजे के बीच हुआ।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, हेलीकॉप्टर ने केदारनाथ से उड़ान भरी थी, लेकिन गौरीकुंड के पास एक बुग्याल (घास का मैदान) में यह दुर्घटनाग्रस्त हो गया। यह इलाका एक ट्रैकिंग रूट पर स्थित है और केदारनाथ से लगभग 7 किलोमीटर की दूरी पर बताया जा रहा है।
हादसे की सूचना मिलते ही NDRF और SDRF की टीमें तत्काल राहत और बचाव कार्य के लिए मौके पर रवाना कर दी गईं। हालांकि, मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार हादसा इतना भीषण था कि हेलीकॉप्टर में सवार सभी 6 लोगों के बचने की कोई संभावना नहीं जताई जा रही है।
यह हादसा न केवल उत्तराखंड बल्कि पूरे देश के लिए एक गहरी पीड़ा का कारण बना है। श्रद्धालु और प्रशासनिक अधिकारी शोक में हैं। सरकार द्वारा पीड़ितों के परिजनों को हर संभव सहायता प्रदान करने का आश्वासन दिया गया है।




