चंद्रपुर: चंद्रपुर जिले में शराब लाइसेंस मंजूरी के दौरान बड़े पैमाने पर हुई अनियमितताओं, भ्रष्टाचार और रिश्वतखोरी की जांच के लिए एंटी करप्शन डिपार्टमेंट के अपर पुलिस आयुक्त संदीप दिवाण की अध्यक्षता में एक विशेष जांच दल (SIT) का गठन किया गया है।
जांच के सिलसिले में 7 और 8 अप्रैल 2025 को सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक विशेष जांच दल (SIT) के अध्यक्ष संदीप दिवाण अपनी टीम के साथ चंद्रपुर विश्राम गृह में मौजूद रहेंगे।
चंद्रपुर जिले में शराबबंदी हटाए जाने के बाद (सरकारी अधिसूचना दिनांक 8 जून 2021 के पश्चात) नवीनीकरण के तहत संचालित शराब लाइसेंस, नए स्वीकृत शराब लाइसेंस, अन्य जिलों से स्थानांतरित लाइसेंस (प्रकार: CL-3, FL-3, FLBR-2 आदि) को लेकर अगर किसी व्यक्ति को कोई शिकायत या अतिरिक्त जानकारी देनी हो, तो वे अपने दस्तावेजों के साथ 7 और 8 अप्रैल को सुबह 10 से दोपहर 12 बजे के बीच चंद्रपुर विश्राम गृह में उपस्थित होकर विशेष जांच दल (SIT) से मिल सकते हैं।
इस संबंध में जानकारी देते हुए निवासी उपजिला अधिकारी दगडू कुंभार ने बताया कि शिकायतकर्ताओं को उचित दस्तावेजों के साथ जांच दल के समक्ष पेश होने का अवसर दिया जा रहा है।




