प्रणयकुमार बंडी
घुग्घूस/चंद्रपुर: घुग्घूस नगर परिषद क्षेत्र में इन दिनों कुछ शासकीय एवं अर्धशासकीय कार्यालयों के अधिकारियों की कार्यप्रणाली को लेकर नागरिकों के बीच व्यापक चर्चा चल रही है। शहर में यह सवाल उठाया जा रहा है कि कहीं “शासकीय काम में बाधा” जैसे कानूनी प्रावधानों का उपयोग वास्तविक सरकारी कार्यों की सुरक्षा के बजाय आलोचना और सवाल उठाने वालों को दबाने के लिए तो नहीं किया जा रहा है?
नागरिकों का कहना है कि यदि किसी अधिकारी द्वारा कानून का सहारा लिया जाता है, तो उसकी स्वयं की कार्यप्रणाली, सेवा रिकॉर्ड और जवाबदेही भी सार्वजनिक जांच के दायरे में आनी चाहिए। चर्चा का विषय यह भी बना हुआ है कि संबंधित अधिकारी पिछले कितने वर्षों से घुग्घूस में कार्यरत है, उसका स्थानांतरण कब-कब हुआ और यदि स्थानांतरण के बाद वह दोबारा उसी स्थान पर वापस आया तो उसके पीछे क्या कारण रहे?
सूत्रों के अनुसार, संबंधित विभाग, जिला प्रशासन, मंत्रालय तथा विभिन्न ऑनलाइन शिकायत पोर्टलों पर पूर्व में भी कुछ शिकायतें और निवेदन दिए जाने की चर्चा है। ऐसे में यह प्रश्न उठ रहा है कि उन शिकायतों पर क्या कार्रवाई हुई और यदि नहीं हुई तो क्यों?
शहर में यह भी चर्चा का विषय बना हुआ है कि जिन कार्यालयों में संबंधित अधिकारी कार्यरत हैं, वहां उपलब्ध सुविधाओं और विभिन्न विकास कार्यों की स्थिति क्या है। नागरिक सवाल उठा रहे हैं कि क्या भवन निर्माण, पार्किंग, टाइल्स, गार्डन, खुदाई कार्य, चिकित्सा उपकरणों की उपलब्धता, स्टाफ की कमी, वाहन उपयोग, डीजल खर्च, सरकारी वाहनों के उपयोग, स्वच्छता तथा अन्य प्रशासनिक कार्यों में किसी प्रकार की अनियमितता की जांच कभी की गई है या नहीं।
कुछ नागरिक यह भी पूछ रहे हैं कि क्या संबंधित अधिकारी के विरुद्ध पूर्व में कभी विभागीय जांच या निलंबन जैसी कार्रवाई हुई है? यदि हुई है तो उसके कारण क्या थे और उसका परिणाम क्या निकला?
सबसे अधिक चर्चा उस मुद्दे को लेकर हो रही है जिसमें एक युवक के विरुद्ध मामला दर्ज होने के बाद सोशल मीडिया पर विभिन्न प्रकार की प्रतिक्रियाएं सामने आई हैं। नागरिकों का कहना है कि यदि किसी व्यक्ति या उसके परिवार, विशेषकर उसकी माता का नाम जोड़कर सार्वजनिक रूप से बदनाम करने का प्रयास किया गया है, तो ऐसे मामलों की भी निष्पक्ष जांच होनी चाहिए। कानूनी विशेषज्ञों का मानना है कि यदि किसी व्यक्ति की प्रतिष्ठा को नुकसान पहुंचाने के उद्देश्य से तथ्यहीन या अपमानजनक सामग्री प्रसारित की गई हो, तो भारतीय कानून के तहत मानहानि अथवा अन्य उपयुक्त धाराओं में कार्रवाई की संभावना बन सकती है। हालांकि इसका निर्णय जांच और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर ही हो सकता है।
नागरिकों के बीच यह सवाल भी जोर पकड़ रहा है कि यदि किसी अधिकारी की कार्यशैली के कारण बार-बार विवाद उत्पन्न हो रहे हैं और कानून-व्यवस्था प्रभावित होने की आशंका बन रही है, तो प्रशासन द्वारा समय रहते आवश्यक कार्यालयीन कार्रवाई क्यों नहीं की जा रही है। क्या किसी बड़ी जांच, शिकायत या संभावित कार्रवाई का इंतजार किया जा रहा है, अथवा जिम्मेदार विभाग पहले ही स्थिति की समीक्षा करेगा?
घुग्घूस में इन दिनों उठ रहे ये सवाल केवल किसी एक अधिकारी तक सीमित नहीं हैं, बल्कि समूची प्रशासनिक व्यवस्था की पारदर्शिता, जवाबदेही और जनविश्वास से जुड़े हुए हैं। अब नागरिकों की निगाहें जिला प्रशासन, संबंधित विभागों और जनप्रतिनिधियों पर टिकी हैं कि वे इन चर्चाओं और सवालों का तथ्यात्मक जवाब देकर जनता के बीच फैली शंकाओं को दूर करते हैं या नहीं।




