प्रणयकुमार बंडी
घुग्घुस, चंद्रपुर : लगातार बढ़ते तापमान और भीषण गर्मी को देखते हुए घुग्घुस नगर परिषद द्वारा शहरवासियों से विशेष सावधानी बरतने की अपील की गई है। नगर परिषद के नगराध्यक्ष दिप्ती सोनटक्के, मुख्याधिकारी निलेश राजनकर तथा स्वीकृत नगरसेवक तौफिक शेख ने नागरिकों से कहा है कि दोपहर 12 बजे से शाम 4 बजे के बीच अत्यधिक आवश्यकता न होने पर घर से बाहर निकलने से बचें।
नगर परिषद की ओर से जारी सूचना में कहा गया है कि बाहर जाते समय सिर को धूप से बचाने के लिए गोल टोपी, सूती दुपट्टा, रुमाल, फडका अथवा छतरी का उपयोग करें। शरीर में पानी की कमी न हो इसके लिए दिनभर पर्याप्त मात्रा में पानी पीते रहें। साथ ही ताक, लस्सी, नींबू पानी, नारियल पानी जैसे तरल पदार्थों का सेवन करें तथा कलिंगड (तरबूज), खरबूज, डांगुर जैसे मौसमी फलों को आहार में शामिल करें।
प्रशासन ने नागरिकों को भर दोपहर में भारी शारीरिक श्रम वाले कार्य करने से भी बचने की सलाह दी है। विशेष रूप से बुजुर्ग, छोटे बच्चे, गर्भवती महिलाएं और बीमार व्यक्तियों को अधिक सावधानी बरतने को कहा गया है, क्योंकि उन्हें सन स्ट्रोक और डिहाइड्रेशन का खतरा अधिक रहता है।
स्वास्थ्य विशेषज्ञों के अनुसार अत्यधिक गर्मी के कारण चक्कर आना, तेज सिरदर्द, उल्टी, शरीर का तापमान बढ़ना, अत्यधिक पसीना आना या अचानक बेहोशी जैसे लक्षण दिखाई दें तो इसे हल्के में न लें। ऐसे व्यक्ति को तुरंत छायादार स्थान पर ले जाकर पानी पिलाएं तथा आवश्यकता पड़ने पर तुरंत चिकित्सकीय सहायता लें।
नगर परिषद ने नागरिकों से अपील की है कि गर्मी के इस मौसम में अपने साथ-साथ परिवार, पड़ोसियों और जरूरतमंद लोगों का भी ध्यान रखें। सड़क पर काम करने वाले मजदूरों, रिक्शा चालकों तथा बुजुर्गों को पानी उपलब्ध कराना भी सामाजिक जिम्मेदारी है।
घुग्घुस नगर परिषद ने कहा है कि नागरिकों की सुरक्षा ही प्रशासन की प्राथमिकता है और सभी लोग सावधानी बरतकर ही इस भीषण गर्मी और सन स्ट्रोक के खतरे से सुरक्षित रह सकते हैं।




