रायपुर : मदर्स डे के अवसर पर रायपुर स्थित महिला जेल की बंदियों को एक बड़ी सौगात मिली है। जेल प्रशासन द्वारा महिला बंदियों के लिए वीडियो कॉलिंग सिस्टम की शुरुआत की गई है, जिसके माध्यम से अब बंदी अपने परिजनों एवं अधिवक्ताओं से सीधे वीडियो कॉल के जरिए संवाद कर सकेंगी।
इस नई व्यवस्था का उद्देश्य महिला बंदियों को मानसिक संबल प्रदान करना और उनके पारिवारिक संबंधों को मजबूत बनाए रखना है। लंबे समय से परिवार से दूर रह रही बंदियों को अब अपने बच्चों, माता-पिता और अन्य परिजनों से आमने-सामने बातचीत करने का अवसर मिलेगा, जिससे उनके मानसिक स्वास्थ्य पर सकारात्मक प्रभाव पड़ने की उम्मीद है।
इसके साथ ही अधिवक्ताओं से वीडियो कॉल के माध्यम से संपर्क होने से कानूनी मामलों पर चर्चा करना भी आसान होगा। जेल प्रशासन का मानना है कि इस सुविधा से बंदियों को न्यायिक प्रक्रिया समझने और आवश्यक कानूनी सलाह लेने में सहायता मिलेगी।
अधिकारियों के अनुसार, वीडियो कॉलिंग सिस्टम को सुरक्षा मानकों को ध्यान में रखते हुए शुरू किया गया है। प्रत्येक कॉल निर्धारित समय और निगरानी व्यवस्था के तहत संचालित होगी।
मदर्स डे के अवसर पर शुरू हुई इस पहल की सामाजिक संगठनों और नागरिकों ने सराहना की है। लोगों का कहना है कि तकनीक के माध्यम से बंदियों को परिवार से जोड़ने का यह प्रयास मानवीय संवेदनाओं को मजबूत करने वाला कदम है।




