प्रणयकुमार बंडी
घुग्घुस, चंद्रपुर : घुग्घुस शहर में पिछले पांच वर्षों से निर्माणाधीन रेलवे उड़ान पुल का मुद्दा एक बार फिर चर्चा में आ गया है। लंबे समय से धीमी गति से चल रहे इस महत्वपूर्ण प्रकल्प का शनिवार, दिनांक 09 मई 2026 को चंद्रपुर विधानसभा क्षेत्र के विधायक किशोर जोरगेवार ने निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान महारेल, WCL, घुग्घुस पुलिस, नगर परिषद कार्यालय के अधिकारी, सत्ता पक्ष और विपक्ष के पदाधिकारी, नगर सेवक, नगर सेविकाएं तथा बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे। वर्षों से अधूरे पड़े इस पुल को लेकर जनता में नाराजगी और उम्मीद दोनों देखने को मिली।
निरीक्षण के दौरान विधायक किशोर जोरगेवार ने कहा कि घुग्घुस रेलवे उड़ान पुल चंद्रपुर-मुंबई-पुणे मार्ग से जुड़ी जनता की वर्षों पुरानी मांग रही है। उन्होंने दावा किया कि पुल का मुख्य कार्य लगभग शत-प्रतिशत पूर्ण हो चुका है, जबकि घुग्घुस-तड़ाली मार्ग और सर्विस रोड का शेष कार्य आगामी 5 से 6 महीनों में पूरा कर लिया जाएगा। उन्होंने यह भी बताया कि फिलहाल पुल की तकनीकी टेस्टिंग बाकी है, जिसके बाद केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव देश के अन्य पुलों के साथ घुग्घुस रेलवे उड़ान पुल का भी सामूहिक लोकार्पण कर सकते हैं।
विधायक ने इस दौरान घुग्घुस बायपास और सरकारी चिकित्सालय जैसे अन्य विकास कार्यों पर भी प्रकाश डाला। हालांकि स्थानीय नागरिकों का कहना है कि पुल निर्माण में हुई देरी ने शहर की यातायात व्यवस्था और व्यापार दोनों को प्रभावित किया है।
महारेल के अधिकारियों के अनुसार पुल को आम वाहनों के लिए शुरू होने में अभी लगभग 8 से 10 दिन और लग सकते हैं। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि यह पुल सभी प्रकार के वाहनों के आवागमन को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है और आवश्यक तकनीकी प्रक्रिया पूरी होते ही जनता के लिए खोल दिया जाएगा।
वहीं सामाजिक कार्यकर्ता इबादुल सिद्दीकी ने कहा कि घुग्घुस की जनता लंबे समय से इस रेलवे उड़ान पुल के शुरू होने की प्रतीक्षा कर रही है। उन्होंने माना कि तकनीकी कारणों से कार्य की गति प्रभावित हुई, लेकिन अब संबंधित विभागों द्वारा काम को अंतिम चरण तक पहुंचाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।
राजनीतिक हलकों में भी इस निरीक्षण को आगामी समय की रणनीति से जोड़कर देखा जा रहा है। विपक्ष जहां पांच वर्षों की देरी को प्रशासनिक विफलता बता रहा है, वहीं सत्तापक्ष इसे जल्द पूर्ण होने वाला महत्वपूर्ण विकास कार्य बताकर जनता के बीच सकारात्मक संदेश देने की कोशिश कर रहा है। अब सबकी निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि आखिरकार घुग्घुस की जनता को इस बहुप्रतीक्षित रेलवे उड़ान पुल का लाभ कब तक वास्तविक रूप से मिल पाता है।




