(प्रणयकुमार बंडी)
घुग्घुस (चंद्रपूर) | 31 जनवरी 2026 को चंद्रपूर जिले के घुग्घुस क्षेत्र में वेस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (WCL) के वणी क्षेत्र द्वारा मुंगोली में एक अस्थायी रेलवे साइडिंग का संचालन 31 जनवरी 2026 से प्रारंभ कर दिया गया है। इस नई व्यवस्था से मुंगोली, कोलगांव एवं पेंगंगा ओपन कास्ट माइन (OCM) से कोयले के निर्बाध और सुचारु परिवहन को सुनिश्चित किया गया है।
क्षेत्रीय प्रबंधन के नेतृत्व में विकसित इस अस्थायी रेलवे साइडिंग के माध्यम से सड़क मार्ग से रेल परिवहन में त्वरित परिवर्तन संभव हो पाया है। इससे न केवल कोयला परिवहन में होने वाली देरी में कमी आएगी, बल्कि आम नागरिकों को होने वाली असुविधा और पर्यावरणीय प्रभाव भी घटेंगे।
रेल मार्ग से परिवहन शुरू होने से गांवों और आसपास के क्षेत्रों में सड़क सुरक्षा में सुधार होगा, भारी वाहनों की आवाजाही कम होगी तथा दुर्घटनाओं की संभावना भी घटेगी। साथ ही, रेक लोडिंग क्षमता में वृद्धि होने से उपभोक्ताओं को कोयले की समय पर और विश्वसनीय आपूर्ति सुनिश्चित की जा सकेगी।
WCL प्रबंधन के अनुसार, यह अस्थायी व्यवस्था फुल मेकेनाइज्ड कन्वेयर (FMC) प्रणाली के पूर्ण रूप से प्रारंभ होने तक कोयला परिवहन संचालन को सुचारु बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। इससे उत्पादन और आपूर्ति श्रृंखला दोनों को मजबूती मिलेगी, जो ऊर्जा क्षेत्र के लिए सकारात्मक संकेत माना जा रहा है।




