घुग्घुस, चंद्रपुर – घुग्घुस-वणी मार्ग की अत्यंत खराब व जर्जर अवस्था को देखते हुए आज (दिनांक: 02 अगस्त 2025) स्थानीय सामाजिक कार्यकर्ताओं एवं नागरिक प्रतिनिधियों द्वारा घुग्घुस पुलिस स्टेशन को एक निवेदन सौंपा गया। यह निवेदन महेश डोंगे (शहर प्रमुख – शिवसेना, शिंदे गट) के नेतृत्व में प्रस्तुत किया गया, जिसमें घुग्घुस बस स्टॉप चौक, राजीवरतन चौक एवं वर्धा नदी पुलिया पर लगातार हो रहे भारी वाहनों के खतरनाक आवागमन पर तत्काल रोक लगाने की मांग की गई।
निवेदन में बताया गया कि उक्त मार्ग पर विगत सप्ताह में दो गंभीर दुर्घटनाएं हुई हैं, जिनमें एक व्यक्ति की जान चली गई तथा दो अन्य नागरिक घायल हुए हैं। प्रतिदिन इस मार्ग से 50 से 60 टन तक वजन वाले डंपर व ट्रक तेज गति से गुजरते हैं, जिससे न केवल सड़क की हालत और खराब होती जा रही है, बल्कि नागरिकों की जान भी खतरे में पड़ रही है।
इसके अतिरिक्त निवेदन में भारी वाहनों द्वारा किए जा रहे अनियमितताओं को रेखांकित किया गया:
हाउसिंग टायर लिफ्ट कर वाहन चलाना., कंडक्टर की अनुपस्थिति एवं ड्राइवर द्वारा निर्धारित ड्रेस कोड का उल्लंघन., कोयले की ढुलाई में त्रिपाल का उपयोग न करने के कारण फैलता कोयला और वायु प्रदूषण., नागरिकों को श्वास संबंधी गंभीर दिक्कतें.
महेश डोंगे ने कहा कि “जनहित और पर्यावरण की सुरक्षा के लिए यह आवश्यक है कि इन भारी वाहनों के इस मार्ग पर तत्काल प्रतिबंध लगाया जाए।”
प्रतिलिपि इस निवेदन की पालकमंत्री अशोक उईके, विधायक किशोर जोर्गेवार, जिलाधिकारी चंद्रपुर एवं बांधकाम विभाग के अधिकारियों को भी भेजी गई है।
नागरिकों को अब स्थानीय प्रशासन से ठोस एवं त्वरित कार्रवाई की अपेक्षा है।





