(प्रणयकुमार बंडी)
घुग्घुस, चंद्रपुर – घुग्घुस शहर के गुजरी व आठवडी बाजार में शुल्क निर्धारण फलक अब तक न लगाए जाने को लेकर व्यापारियों में गहरा असंतोष व्याप्त है। व्यापारी वर्ग का कहना है कि 1 जुलाई 2025 से बाजार का संचालन शुरू हो चुका है, लेकिन निर्धारित शुल्क दरों की जानकारी देने वाले बोर्ड नहीं लगाए जाने से पारदर्शिता पर सवाल उठ रहे हैं।
एक व्यापारीने 04 जुलाई 2025 और 11 जुलाई 2025 को नगर परिषद के मुख्याधिकारी को इस संबंध में निवेदन सौंपा था, जिसमें तीन मुख्य मांगें रखी गई थीं —
आर्थिक वर्ष 2025-26 के लिए तय किए गए शुल्क दरों के बोर्ड बाजार क्षेत्र में सार्वजनिक रूप से लगाए जाएं।
बिना पूर्व अनुमति कोई भी वाहन बाजार क्षेत्र में प्रवेश न करे, इसकी स्पष्ट सूचना बोर्ड पर दी जाए।
ठेकेदार द्वारा तय दर से अधिक शुल्क वसूलने पर दंडात्मक कार्रवाई की जानकारी भी बोर्ड पर अंकित की जाए।
व्यापारियों का आरोप है कि नगर परिषद कार्यालय के मुख्याधिकारी और कर विभाग के अधिकारी इस मामले में ढिलाई बरत रहे हैं, जिसके चलते ठेकेदार मनमानी कर रहे हैं और व्यापारी लूट का शिकार बन रहे हैं। 47 दिन बीत जाने के बावजूद न तो ठेकेदारों पर कार्रवाई हुई है और न ही फलक लगाए गए हैं।
कुछ व्यापारियों ने यह भी आरोप लगाया है कि नगर परिषद, ठेकेदार और कुछ जनप्रतिनिधियों के बीच मिलीभगत हो सकती है, जिसके कारण इस मामले को नजरअंदाज किया जा रहा है। अब देखना यह होगा कि घुग्घुस पुलिस और संबंधित विभाग इस मुद्दे पर कब और कैसी कार्रवाई करते हैं।





