(प्रणयकुमार बंडी)
घुग्घुस, चंद्रपुर : घुग्घुस शहर के गुजरी व आठवडी बाजार में शुल्क निर्धारण फलक अब तक न लगाए जाने को लेकर व्यापारियों में गहरा असंतोष फैल रहा है। दिनांक 04 जुलाई 2025 और उसके पश्चात 11 जुलाई 2025 को प्रमुख मुद्दों को लेकर नगर परिषद मुख्याधिकारी को निवेदन सौंपा गया था, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है।
व्यापारियों का कहना है कि 1 जुलाई 2025 से बाजार का संचालन शुरू हो चुका है, लेकिन निर्धारित शुल्क दरों की जानकारी देने वाले फलक न लगाए जाने से पारदर्शिता पर सवाल उठ रहे हैं। व्यापारियों ने यह भी आरोप लगाया है कि टैक्स विभाग की भूमिका स्पष्ट नहीं है और यह भी चर्चा का विषय है कि नगर परिषद, ठेकेदार और कुछ जनप्रतिनिधियों के बीच मिलीभगत हो सकती है, जिसके कारण इस पर कार्रवाई नहीं की जा रही है।
निवेदन में तीन मुख्य मांगें रखी गई थीं:
आर्थिक वर्ष 2025-26 के लिए तय किए गए शुल्क दरों के बोर्ड बाजार क्षेत्र में सार्वजनिक रूप से लगाए जाएं।
बिना पूर्व अनुमति कोई भी वाहन बाजार क्षेत्र में प्रवेश न करे, इसकी सूचना स्पष्ट रूप से बोर्ड पर दी जाए।
अगर कोई ठेकेदार तय दरों से अधिक शुल्क वसूलता है, तो उसके खिलाफ दंडात्मक कार्रवाई हो, इसकी जानकारी भी फलक पर दी जाए।
यदि शीघ्र ही नगर परिषद की ओर से लिखित जवाब और उचित कार्रवाई नहीं की गई, तो वे व अन्य व्यापारी संगठनों के साथ मिलकर नगर परिषद कार्यालय के टैक्स विभाग और अन्य की शिकायत वरिष्ठ अधिकारियों को की जाएगी।
अब देखना यह है कि नगर परिषद प्रशासन पारदर्शिता की दिशा में क्या कदम उठाता है या यह मामला भी फाइलों में दबकर रह जाएगा।





