नागपुर: महाराष्ट्र के नागपुर शहर को लेकर भाजपा विधायक प्रवीण दटके ने एक चौंकाने वाला खुलासा किया है। उन्होंने कहा कि नागपुर में देशभर में सबसे ज्यादा पान ठेले मौजूद हैं, और यहां गुटखा, खैनी, पान मसाला जैसी जानलेवा नशीली वस्तुएं खुलेआम बेची जा रही हैं, जबकि राज्य सरकार ने इन पर सालों पहले सख्त प्रतिबंध लगाया है।
चौंकाने वाली बात यह है कि नागपुर मुख्यमंत्री और गृहमंत्री देवेंद्र फडणवीस का गृह शहर है, बावजूद इसके न तो कानून का डर दिखता है और न ही प्रशासनिक सख्ती।
विधायक दटके ने कहा कि नागपुर ओरल कैंसर (मुंह के कैंसर) के मामलों में भी शीर्ष पर है और इसके पीछे बिना रोकटोक बिक रही तंबाकू उत्पादों की भूमिका साफ नजर आती है।
बड़ा सवाल:
जब राज्य सरकार ने इन उत्पादों पर सख्त बैन लगा रखा है, तो नियम कहां हैं? कार्रवाई क्यों नहीं हो रही? और प्रशासन आंखें क्यों मूंदे बैठा है?
नागरिकों ने भी इस मामले में गहरी नाराज़गी जताते हुए कहा है कि यदि राजधानी जैसे शहर में ही प्रतिबंध का पालन नहीं हो रहा, तो बाकी महाराष्ट्र का क्या हाल होगा?
अब देखना ये है कि क्या सरकार इस “कड़वे सच” के सामने आने के बाद कोई ठोस कदम उठाएगी या यह मामला भी कागज़ों में ही दबकर रह जाएगा।





