खंडवा, मध्य प्रदेश: खंडवा नगर निगम द्वारा शकर तालाब को उसके मूल स्वरूप में लौटाने के उद्देश्य से बड़ा अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया गया। नगर निगम आयुक्त प्रियंका राजावत ने जानकारी देते हुए बताया कि शकर तालाब लगभग 16 एकड़ क्षेत्र में फैला हुआ है, लेकिन वर्षों से इस क्षेत्र में अतिक्रमण कर पक्के निर्माण किए जा चुके थे।
अब तक इस अभियान के तहत करीब 100 घरों को हटाया जा चुका है। हालांकि, कुछ मकानों पर अदालती स्थगन (स्टे) आदेश होने के कारण उन्हें नहीं हटाया जा सका है। आयुक्त राजावत ने कहा, “इच्छा यही है कि शकर तालाब को उसके मूल स्वरूप में वापस लाया जाए ताकि जल संचयन और पर्यावरण संतुलन जैसे मूलभूत उद्देश्यों की पूर्ति हो सके।”
नगर निगम की इस कार्रवाई को लेकर स्थानीय स्तर पर मिली-जुली प्रतिक्रियाएं देखने को मिल रही हैं। जहां पर्यावरण प्रेमी और शहर के जागरूक नागरिक इस कदम की सराहना कर रहे हैं, वहीं कुछ प्रभावित परिवारों ने पुनर्वास और वैकल्पिक व्यवस्था की मांग उठाई है।
नगर निगम ने संकेत दिए हैं कि कानूनी प्रक्रिया पूरी होने के बाद शेष अतिक्रमणों को भी हटाया जाएगा।




