अहमदाबाद, गुजरात | अहमदाबाद में सुबह एक बड़ा हादसा उस समय हुआ जब लंदन जाने वाला एयर इंडिया का एक विमान टेक-ऑफ के तुरंत बाद तकनीकी खराबी के चलते डॉक्टरों के हॉस्टल परिसर में दुर्घटनाग्रस्त हो गया।
इस हादसे की पुष्टि करते हुए एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया, “शुरुआती तौर पर हमें सूचना मिली कि एयर इंडिया का विमान डॉक्टरों के हॉस्टल में क्रैश हो गया है। पुलिस और अन्य एजेंसियां मात्र 2-3 मिनट के भीतर मौके पर पहुंच गईं। लगभग 70-80% क्षेत्र को साफ कर दिया गया है और राहत एवं बचाव कार्य तेजी से जारी है। सभी संबंधित एजेंसियां घटनास्थल पर मौजूद हैं और काम कर रही हैं।”
हादसे में संभावित हताहतों की संख्या की पुष्टि फिलहाल नहीं हुई है, लेकिन चश्मदीदों के मुताबिक दुर्घटना के समय विमान में आग लग गई थी और इलाके में धुआं फैल गया था। स्थानीय अस्पतालों को अलर्ट पर रखा गया है और घायलों को इलाज के लिए विभिन्न चिकित्सा केंद्रों में भर्ती कराया गया है।
एयर इंडिया और डीजीसीए (नागरिक उड्डयन महानिदेशालय) की टीमें भी घटनास्थल पर पहुंच चुकी हैं और हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी गई है।
मुख्यमंत्री और प्रधानमंत्री कार्यालय की ओर से भी हादसे पर नजर रखी जा रही है और हरसंभव सहायता देने का आश्वासन दिया गया है।
हादसे की अधिक जानकारी और स्थिति पर अपडेट का इंतजार किया जा रहा है।




