घुग्घुस, चंद्रपुर (महाराष्ट्र) – राष्ट्र सेवा में समर्पित जवानों को श्रद्धांजलि देने और उनके प्रति सम्मान व्यक्त करने हेतु घुग्घुस में ‘सेना सम्मान यात्रा’ और ‘तिरंगा यात्रा’ का आयोजन किया जा रहा है। यह यात्रा ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के अंतर्गत आयोजित की जा रही है, जिसका मुख्य उद्देश्य देशभक्ति की भावना को प्रोत्साहित करना और सैनिकों के बलिदान को जनमानस तक पहुंचाना है।
इस भव्य तिरंगा यात्रा की शुरुआत गुरुवार, 22 मई 2025 को शाम 5 बजे छत्रपति शिवाजी महाराज चौक, घुग्घुस से की जाएगी। यात्रा का समापन बैंक चौक पर होगा। इस दौरान राष्ट्रभक्ति से ओतप्रोत नारों, झांकियों और जनभागीदारी के साथ एक प्रेरणादायक माहौल तैयार किया जाएगा।
यात्रा को लेकर सोशल मीडिया पर एक भावुक और जोशीला संदेश वायरल हो रहा है, जिसमें घुग्घुस के सभी नागरिकों और मातृशक्तियों से अपील की गई है कि वे इस रैली में अवश्य भाग लें। यह संदेश स्थानीय विधायक श्री किशोर जोरगेवार द्वारा आमंत्रण स्वरूप दिया गया है, जिसमें उन्होंने कहा है, “हम न किसी पार्टी के हैं, न किसी जाति के – हम सिर्फ देश के नागरिक हैं और इस नाते हम सबकी ज़िम्मेदारी है कि देश के जवानों को एक शाम समर्पित करें।”
शहर में चल रही चर्चाओं के अनुसार, इस रैली का आयोजन स्थानीय विधायक किशोर जोरगेवार के कार्यालय से किया जा रहा है। यह भी चर्चा है कि आयोजन में न केवल भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ता बल्कि अन्य राजनीतिक दलों के नेता और विभिन्न समाजों के प्रतिनिधि भी शामिल होंगे। इससे यह संकेत मिल रहा है कि यह कार्यक्रम राजनीति से ऊपर उठकर राष्ट्रभक्ति को केंद्र में रखकर आयोजित किया जा रहा है।
अब देखना यह होगा कि इस आयोजन में राजनीतिक सीमाएं कितनी धुंधली होती हैं और क्या वास्तव में यह रैली केवल देश के जवानों को समर्पित एकता और सम्मान का प्रतीक बन पाती है।




