मुंबई : राज्य विधानसभा में सोमवार को कांग्रेस के विधि मंडल नेता विजय वडेट्टीवार ने जिले की कानून व्यवस्था पर गंभीर सवाल उठाए. उन्होंने विशेष रूप से चंद्रपुर जिले के घुग्घुस में बीते रविवार को कांग्रेस के शहर अध्यक्ष राजुरेड्डी के घर पर हुई घटना का उल्लेख किया और राज्य सरकार पर निशाना साधा.
वडेट्टीवार के अनुसार जिले में अपराधियों के हौसले बुलंद हैं और उन्हें राजनीतिक संरक्षण मिल रहा है, जिसके चलते वे बेखौफ होकर आपराधिक घटनाओं को अंजाम दे रहे हैं, उन्होंने कहा, “अगर अपराधियों को इसी तरह खुली छूट मिलती रही, तो आम जनता का कानून व्यवस्था से भरोसा उठ जाएगा.”
विधानसभा में सरकार से जवाब तलब
विधानसभा में बोलते हुए विजय वडेट्टीवार ने गृह विभाग और राज्य सरकार से इस घटना पर जवाब मांगा. उन्होंने सवाल किया कि अपराधियों को रोकने के लिए क्या कदम उठाए जा रहे हैं और पुलिस प्रशासन क्यों नाकाम साबित हो रहा है.
वडेट्टीवार ने जिले में हाल ही में बढ़ी आपराधिक घटनाओं पर गहरी चिंता जताते हुए कहा कि कानून व्यवस्था बनाए रखना सरकार की प्राथमिक जिम्मेदारी है. उन्होंने मांग की कि दोषियों को जल्द से जल्द गिरफ्तार किया जाए और भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोकने के लिए कड़े कदम उठाए जाएं.
सरकार के रुख पर टिकी निगाहें
इस पूरे मामले को लेकर अब सरकार की प्रतिक्रिया का इंतजार है. क्या राज्य सरकार इस घटना पर सख्त कदम उठाएगी या विपक्ष के सवालों को दरकिनार कर देगी? यह देखना दिलचस्प होगा. वहीं, आम जनता भी इस मामले में न्याय की मांग कर रही है.




