नई दिल्ली : दिल्ली विधानसभा में हालही में बड़ा हंगामा देखने को मिला, जब आम आदमी पार्टी (AAP) के विधायकों को विधानसभा के गेट के बाहर ही रोक दिया गया. इस घटनाक्रम को लेकर विधानसभा में विपक्ष की नेता और AAP विधायक आतिशी ने भाजपा पर तीखा हमला बोला.
आतिशी ने इस फैसले को “लोकतंत्र के इतिहास का काला दिन” करार दिया और कहा, “देश के इतिहास में ऐसा पहली बार हुआ है कि चुने हुए विधायकों को विधानसभा में प्रवेश से रोका गया है. भाजपा परेशान क्यों है? क्योंकि आम आदमी पार्टी बाबा साहब अंबेडकर के नारे लगा रही थी.”
उन्होंने दावा किया कि AAP विधायकों को “जय भीम” के नारे लगाने की वजह से विधानसभा से बाहर किया गया. आतिशी ने इस मुद्दे को लेकर राष्ट्रपति को पत्र लिखा है और उनसे मिलने का समय मांगा है. उन्होंने कहा, “हमने भाजपा द्वारा उठाए गए इस अलोकतांत्रिक कदम के खिलाफ राष्ट्रपति से मिलने का समय मांगा है.”
इस बीच, आम आदमी पार्टी के अन्य विधायकों ने भी भाजपा पर लोकतांत्रिक मूल्यों के खिलाफ काम करने का आरोप लगाया और दिल्ली सरकार के कामकाज में बाधा डालने की कोशिश करार दिया.
भाजपा की ओर से अभी इस मुद्दे पर कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है, लेकिन राजनीतिक गलियारों में इस पर जमकर बहस छिड़ गई है.




