चंद्रपुर : जिले के घुग्घुस शहर में “मा. आ. श्री. सुधीरभाऊ मुनगंटीवार क्रीड़ा व सांस्कृतिक महोत्सव” का आयोजन किया जा रहा है, जिसमें बॉलीवुड अभिनेत्री रवीना टंडन विशेष अतिथि के रूप में शामिल होंगी. यह कार्यक्रम 15 फरवरी, शनिवार को शाम 6 बजे मीना बाजार ग्राउंड, बैंक ऑफ इंडिया रोड, घुग्घुस में आयोजित होगा.
कार्यक्रम में पूर्व पालकमंत्री सुधीर मुनगंटीवार, चंद्रपुर विधायक किशोरभाऊ जोरगेवार और राजुरा विधायक देवराव भोंगळे उपस्थित रहेंगे.
भाजपा के अन्य विधायकों की गैरमौजूदगी पर उठे सवाल
इस महोत्सव में भाजपा के कुछ प्रमुख विधायकों की अनुपस्थिति को लेकर भी चर्चा तेज हो गई है. सवाल उठ रहे हैं कि भाजपा के अन्य विधायक इस कार्यक्रम में क्यों शामिल नहीं हो रहे हैं? क्या यह आंतरिक गुटबाजी का संकेत है, या फिर किसी अन्य वजह से वे दूरी बनाए हुए हैं?
घुग्घुस में बॉलीवुड अभिनेत्रियों की एंट्री पर राजनीति गरमाई
2025 में घुग्घुस में अलग-अलग कार्यक्रमों में दो बार अभिनेत्रियों का आना चर्चा का विषय बन गया है. इसे दो विधायकों के समर्थकों के बीच बढ़ती प्रतिस्पर्धा के रूप में देखा जा रहा है.
घुग्घुस में एक ओर विधायक किशोर जोरगेवार का कार्यालय स्थित है, जबकि दूसरी ओर सुधीरभाऊ मुनगंटीवार सेवा केंद्र भी सक्रिय है. इससे भाजपा कार्यकर्ताओं के बीच भ्रम की स्थिति बनी हुई है कि वे किस गुट का समर्थन करें.
सूत्रों के अनुसार, एक कार्यालय के नेताओं ने अपने बैनरों में नाराजगी भी जाहिर की है, जिससे यह साफ संकेत मिलता है कि घुग्घुस में भाजपा के भीतर खींचतान जारी है?
हर साल बड़े स्तर पर होता है क्रीड़ा व सांस्कृतिक महोत्सव
14 और 15 फरवरी को आयोजित होने वाले इस महोत्सव में हर साल सिने अभिनेत्रियों को आमंत्रित किया जाता है. इससे पहले मराठी फिल्म इंडस्ट्री की मशहूर अभिनेत्रियां तेजश्री प्रधान और प्राजक्ता माळी इस कार्यक्रम का हिस्सा बन चुकी हैं. इस साल बॉलीवुड की सुपरस्टार रवीना टंडन मुख्य आकर्षण होंगी.
कार्यक्रम का आयोजन प्रयास सखी मंच घुग्घुस और भाजपा महिला आघाड़ी घुग्घुस द्वारा किया गया है.
इस पूरे आयोजन को लेकर घुग्घुस में जहां जनता और भाजपा कार्यकर्ताओं में उत्साह देखने को मिल रहा है, वहीं राजनीतिक हलकों में भी इसकी गूंज सुनाई दे रही है. क्या यह महोत्सव भाजपा के भीतर नए समीकरणों को जन्म देगा? यह देखना दिलचस्प होगा.




