घुग्घूस, चंद्रपुर: आगामी गणेश उत्सव को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने तथा क्षेत्र में कानून एवं व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से घुग्घूस पुलिस स्टेशन की ओर से शांति समिति की बैठक आयोजित की गई है। यह बैठक 2 सितंबर 2026 को शाम 5 बजे घुग्घूस पुलिस स्टेशन में होगी।
गणेश उत्सव के दौरान प्रशासन और गणेश मंडलों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने, उत्सव के आयोजन से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर चर्चा करने तथा कानून-व्यवस्था से संबंधित आवश्यक दिशा-निर्देश देने के लिए यह बैठक महत्वपूर्ण मानी जा रही है।
पुलिस स्टेशन की ओर से सभी गणेश मंडल, डीजे चालक एवं मालिक, मूर्तिकार, शांति समिति के सदस्य, महिला दक्षता समिति के सदस्य, पत्रकार तथा सामान्य नागरिकों से बैठक में उपस्थित रहने की अपील की गई है।
बैठक में प्रशासन एवं विभिन्न विभागों के अधिकारी तथा जनप्रतिनिधि भी उपस्थित रहेंगे। इनमें चंद्रपुर तहसीलदार, चंद्रपुर उपविभागीय पुलिस अधिकारी, घुग्घूस नगर परिषद के मुख्याधिकारी, विद्युत नियंत्रण मंडल के अधिकारी तथा राजनीतिक दलों के नेता एवं पदाधिकारी शामिल होंगे।
बैठक में गणेश उत्सव के दौरान डीजे, ध्वनि प्रदूषण, गणेश प्रतिमा स्थापना एवं विसर्जन, यातायात व्यवस्था, सुरक्षा, बिजली व्यवस्था और सार्वजनिक शांति जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा होने की संभावना है। पुलिस प्रशासन की ओर से नागरिकों एवं गणेश मंडलों से नियमों का पालन करते हुए उत्सव को शांतिपूर्ण ढंग से मनाने का आह्वान किया गया है।

घुग्घूस पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि गणेश उत्सव सभी के सहयोग और समन्वय से शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं भाईचारे के वातावरण में संपन्न हो, इसके लिए अधिक से अधिक संख्या में बैठक में उपस्थित होकर प्रशासन को सहयोग करें।




