वणी, यवतमाल: महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर हजारों श्रद्धालुओं ने पैनगंगा, निर्गुंड और वर्धा नदी में पवित्र स्नान कर भगवान शिव की आराधना की. इसके बाद भक्तों ने वणी के प्राचीन हेमाड़पंत कालीन शिव मंदिर में दर्शन कर पूजा-अर्चना की.
सुबह से ही श्रद्धालु नदियों के तट पर एकत्रित होने लगे और पुण्य अर्जित करने के लिए पवित्र स्नान किया. स्नान के बाद भक्तों ने मंदिर पहुंचकर जल, दूध, बेलपत्र और धतूरा अर्पित कर भगवान भोलेनाथ का आशीर्वाद प्राप्त किया.
मंदिर में दिनभर भक्तों की भारी भीड़ देखने को मिली. शिवलिंग पर रुद्राभिषेक और विशेष पूजन का आयोजन किया गया. “हर हर महादेव” के गगनभेदी जयकारों से पूरा मंदिर परिसर भक्तिमय हो उठा.
मंदिर प्रशासन और स्थानीय प्रशासन द्वारा श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए विशेष व्यवस्था की गई थी. सुरक्षा बलों की तैनाती के साथ-साथ पेयजल और साफ-सफाई का भी ध्यान रखा गया.
महाशिवरात्रि के इस शुभ दिन पर श्रद्धालुओं ने शिव भक्ति में लीन होकर उपवास रखा और सुख-समृद्धि की कामना की. पूरे क्षेत्र में शिवमय माहौल बना रहा और भक्तों की आस्था का अद्भुत नजारा देखने को मिला.




