दिल्ली : नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर भगदड़ मचने से बड़ा हादसा हो गया, जिसमें 15 लोगों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि कई अन्य घायल हो गए. हादसे के बाद अफरा-तफरी का माहौल रहा और घायलों को तुरंत अस्पताल ले जाया गया.
दिल्ली की कार्यवाहक मुख्यमंत्री आतिशी ने घटना पर गहरा दुख व्यक्त किया. उन्होंने बताया, “आधिकारिक तौर पर 15 लोग मृत पाए गए हैं, जिन्हें मृत स्थिति में ही अस्पताल लाया गया. यह बहुत ही दुखद घटना है. हमारे दो विधायक मौके पर मौजूद हैं और मैंने अस्पताल प्रबंधन से कहा है कि पीड़ित परिवारों को हरसंभव सहायता दी जाए.”
मुख्यमंत्री के अनुसार, घायलों का इलाज जारी है, और 4-5 लोगों को जल्द ही अस्पताल से छुट्टी दी जा सकती है. LNJP अस्पताल में 15 शव लाए गए हैं, जिनमें से दो की अब तक पहचान नहीं हो सकी है.
हादसे के कारणों की जांच जारी है और प्रशासन की ओर से राहत कार्य तेजी से चल रहा है.




