नागपुर: केंद्रीय कोयला एवं खनन मंत्री किशन रेड्डी गंगापुरम ने हाल ही में नागपुर के वाड़ी स्थित जेएनएआरडीडीसी (Jnarddc, Ministry of Mines) – जवाहरलाल नेहरू एल्युमिनियम अनुसंधान, विकास और डिजाइन केंद्र का दौरा किया और वहां चल रहे विभिन्न परियोजनाओं की समीक्षा की. इस दौरान उन्होंने कोयला प्रयोगशाला के लिए दो नई अनुसंधान सुविधाओं – ICP-MS (क्रिटिकल मिनरल एंड REE लैब) और मैक्रो TGA का उद्घाटन किया.
इसके अलावा, केंद्रीय मंत्री ने जेएनएआरडीडीसी के निदेशक डॉ.अनुपम अग्निहोत्री के साथ वृक्षारोपण कार्यक्रम में भी भाग लिया. इस अवसर पर उन्होंने हाल ही में केंद्रीय मंत्रिमंडल द्वारा स्वीकृत राष्ट्रीय क्रिटिकल मिनरल मिशन (NCMM) पर प्रकाश डाला.
उन्होंने कहा कि इस मिशन का उद्देश्य खनिजों की दीर्घकालिक और सतत आपूर्ति सुनिश्चित करना है. यह मिशन भारत की क्रिटिकल मिनरल वैल्यू चेन को मजबूत करेगा, जिसमें खनिज अन्वेषण, खनन, प्रसंस्करण, पुनर्प्राप्ति और अंतिम उत्पादों तक लाभ उठाने की सभी प्रक्रियाएं शामिल होंगी.




