प्रणयकुमार बंडी
घुग्घूस, चंद्रपुर : घुग्घूस शहर में शनिवार तड़के नदी में एक युवक के छलांग लगाने की सूचना के बाद शुरू किए गए तलाश एवं बचाव अभियान के दौरान शाम करीब 4:30 बजे साबिर (32)नामक युवक का शव नदी के पानी में मृत अवस्था में बरामद किया गया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, शनिवार रात करीब 1:20 बजे युवक के नदी के पास स्थित पुलिया पर होने की जानकारी सामने आई थी। बताया जा रहा है कि घटना के दौरान युवक ने वीडियो कॉल के माध्यम से अपने दोस्तों को पुलिया पर होने की जानकारी दी थी। इसके बाद उसके मित्रों और परिजनों ने घटना की सूचना घुग्घूस पुलिस को दी।
सूचना मिलते ही घुग्घूस पुलिस तथा रेस्क्यू टीम घटनास्थल पर पहुंची और नदी में युवक की तलाश शुरू की। काफी प्रयासों के बाद शनिवार शाम करीब 4:30 बजे युवक का शव नदी से बरामद किया गया।
पुलिस ने आवश्यक पंचनामा कार्रवाई पूरी करने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए चंद्रपुर भेज दिया है। फिलहाल युवक ने नदी में छलांग क्यों लगाई, इसके पीछे क्या कारण था, इसकी स्पष्ट जानकारी सामने नहीं आई है। घुग्घूस पुलिस मामले के विभिन्न पहलुओं की जांच कर रही है।

लगातार सामने आने वाली ऐसी घटनाएं शहर में चिंता का विषय बन रही हैं। ऐसी घटनाओं के पीछे के सामाजिक, पारिवारिक अथवा अन्य संभावित कारणों को समझने के साथ-साथ संवेदनशील स्थानों पर सुरक्षा और रोकथाम के प्रभावी उपायों पर भी गंभीरता से विचार किए जाने की आवश्यकता है।
समाचार लिखे जाने तक पुलिस जांच जारी थी और घटना से संबंधित अधिक जानकारी की प्रतीक्षा थी।




