(प्रणयकुमार बंडी)
घुग्घुस, चंद्रपुर : 12 फरवरी 2026 को प्रभाग क्रमांक 10 और प्रभाग क्रमांक 11 के अंतर्गत आने वाले रेड जोन तथा नजूल जमीन की आज संबंधित अधिकारियों द्वारा शहानी (निरीक्षण) की गई। इस दौरान प्रभाग के नगर सेवक, नगराध्यक्ष, नगरउपाध्यक्ष, बांधकाम सभापति सहित अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित नहीं दिखाई दिए, जिससे स्थानीय स्तर पर चर्चा का माहौल बना रहा।
शहानी के समय नागपुर से आए अधिकारी मिश्रा, घुग्घुस नगर परिषद कार्यालय के इंजीनियर, अन्य संबंधित अधिकारी, पूर्व घुग्घुस ग्रामपंचायत सदस्य गणेश उइके तथा कुछ स्थानीय नागरिक मौजूद थे। अधिकारियों ने जमीन की स्थिति, निवास क्षेत्रों और दस्तावेजों से जुड़े पहलुओं का निरीक्षण किया।
उल्लेखनीय है कि इन प्रभागों में अल्पसंख्यक समुदाय की आबादी भी बड़ी संख्या में निवास करती है। रेड जोन क्षेत्र में संभावित स्थलांतरण और नजूल जमीन पर बने घरों के पट्टों को लेकर लोगों में असमंजस की स्थिति देखी जा रही है। कई परिवारों को आशंका है कि भविष्य में प्रशासनिक कार्रवाई का उनके आवास पर प्रभाव पड़ सकता है।
शहर में चर्चाएं हैं कि विभिन्न राजनीतिक दलों के कुछ कार्यकर्ता आम नागरिकों को अधूरी या भ्रामक जानकारी देकर भ्रमित कर रहे हैं। हालांकि शहानी के दौरान ऐसे कोई व्यक्ति मौके पर नजर नहीं आए। इससे यह संकेत मिलता है कि अफवाहों के बजाय आधिकारिक जानकारी पर भरोसा करना अधिक उचित होगा।
स्थानीय नागरिकों और जानकारों का मत है कि नजूल जमीन पर घर के पट्टे, रेड जोन क्षेत्र से संभावित स्थलांतरण या अन्य प्रशासनिक विषयों पर सीधे संबंधित अधिकारियों से संपर्क कर तथ्यात्मक जानकारी लेना ही बेहतर रास्ता है। संवेदनशील अल्पसंख्यक क्षेत्रों में पारदर्शिता और संवाद बनाए रखना प्रशासन और जनप्रतिनिधियों दोनों की जिम्मेदारी है, ताकि राजनीति से ऊपर उठकर नागरिकों की समस्याओं का समाधान हो सके।




