- मंडप में 20 फ़ीट के आकर्षक पक्षी को स्थापित कर समाज में दिया जाएगा गहरा संदेश
कोलकाता : बागुईआटी रेल पुकुर यूनाइटेड क्लब के सदस्य इस वर्ष 2025 में 72वें वर्ष में विचारोत्तेजक थीम – “शब्दो” (ध्वनि) के साथ आगंतुकों को मंत्रमुग्ध करने की तैयारी में जुटे हैं। यह थीम प्रकृति और रोज़मर्रा की ज़िंदगी की उन लुप्त होती ध्वनियों को मंडप में पेश करेगी, जो कभी हमारे अस्तित्व को परिभाषित करती थीं, लेकिन अब शहरी अराजकता में यह ध्वनि लुप्त होती जा रही हैं। इस वर्ष क्लब के सदस्य 72वें वर्ष में दुर्गापूजा के उत्सव को और भी यादगार बनाने की तैयारियों में जुटे है।
एक जमाने में, पक्षियों की आवाज़ें हमारी दिनचर्या का अभिन्न अंग हुआ करती थीं। भोर होते ही, पक्षियों की चहचहाहट, उगते सूरज का स्वागत करती थी, और शाम ढलते ही, उनकी आवाज़ें घर वापसी का संकेत देती थीं। रात के सन्नाटे में भी, उल्लू और निशाचर पक्षी अपनी आवाज़ों से सन्नाटे को चीरते थे। हालाँकि, आजकल ऐसी आवाज़ें हमारे आसपास बेहद कम सुनाई देती हैं।
इस थीम के माध्यम से क्लब के अधिकारी इस बात पर प्रकाश डालने की कोशिश कर रहे है कि, कैसे तेज़ी से बढ़ते शहरीकरण ने, पेड़ों की बेतहाशा कटाई और कंक्रीट की ऊँची इमारतों के निर्माण ने प्राकृतिक आवासों को नष्ट कर दिया है। पक्षी, जो आश्रय के लिए पेड़ों पर निर्भर थे, धीरे-धीरे लुप्त होते जा रहे हैं – और उनके साथ उनकी आवाज़ें भी अब हमसे दूर हो रही है। क्लब हमें याद दिलाता है कि प्रकृति पर मानवता का अनियंत्रित प्रभुत्व हमें अपरिवर्तनीय पारिस्थितिक क्षति की ओर धकेल रहा है, यह एक ऐसी कीमत है, जो आने वाली पीढ़ियों को चुकानी पड़ेगी।
इस संदेश को जीवंत करने के लिए पूजा मंडप में आकर्षक प्रतिष्ठानों की एक श्रृंखला होगी – जिसमें पक्षियों का 20 फीट ऊँचा कलात्मक चित्रण भी शामिल होगा। – जो प्रकृति की भव्यता और हमारे शहरी जीवन में उसकी लुप्त होती उपस्थिति का प्रतीक है। मनमोहक ध्वनि परिदृश्यों के साथ, इस अनुभव में पक्षियों की अंतरात्मा की आवाज़ और मानवता से उनकी मौन विनती को दर्शाने वाले माइम प्रदर्शन भी शामिल होंगे।
इस अवसर पर बोलते हुए, बागुईहाटीं रेलपुकुर यूनाइटेड क्लब के समिति सदस्य गौरव बिस्वास ने कहा, हमारा थीम ‘शब्दो’ केवल एक कलात्मक रचना नहीं है, बल्कि यह हमारी सामूहिक चेतना का प्रतिबिंब है। पक्षियों और प्रकृति की ध्वनियाँ, जो कभी हमारे दैनिक जीवन का अभिन्न अंग थीं, वे अब अनियंत्रित शहरीकरण के कारण लुप्त होती जा रही हैं। इस थीम के माध्यम से, हम समाज को यह याद दिलाना चाहते हैं कि, ये आवाज़ें केवल पृष्ठभूमि संगीत नहीं हैं, बल्कि यह हमारे पर्यावरण की धड़कन हैं। अगर हम आज इस गंभीर होती जा रही समस्या को लेकर नहीं जागे तो कल की दुनिया खामोश हो जाएगी। दुर्गा पूजा केवल उत्सव का ही नहीं, बल्कि जागरूकता, ज़िम्मेदारी और मानवता के जागरण का भी प्रतीक है।
“शब्दो” की रचनात्मक दृष्टि को कलाकारों और शिल्पकारों की एक प्रतिभाशाली टीम द्वारा जीवंत किया जा रहा है। इस थीम की संकल्पना और कलात्मक डिज़ाइन सोमनाथ तामली ने किया है, जबकि देवी की मूर्ति देबप्रसाद हाजरा द्वारा गढ़ी जा रही है। प्रकाश और छाया का मनमोहक नाटक दीपांकर दे द्वारा निर्देशित किया जाएगा, जो पंडाल के वातावरण में गहराई जोड़ देगा। पक्षियों की खामोश चीखों को स्वर देने के लिए, कलाकार शुभेंदु मुखोपाध्याय और कौशिक बिस्वास अपनी दमदार प्रस्तुतियाँ देंगे। इस भव्य पंडाल का निर्माण बापी दास की विशेषज्ञता में किया जा रहा है, और समीरन जाना इस भव्य रचना के हर विवरण को कैद करने के लिए छायांकन और संपादन का काम संभालेंगे। इस परिकल्पना का समर्थन पौलमी बोस गहन शोध कार्य, फारुख शेक चित्रकला और डिज़ाइनिंग, और देबयान बनर्जी ध्वनि और संगीत के साथ कर रहे हैं।
“शब्दो” के साथ, बागुईआटी रेल पुकुर यूनाइटेड क्लब न केवल दुर्गा पूजा के अपने 72वें वर्ष का उत्सव मना रहा है, बल्कि एक चेतावनी भरी कहानी भी प्रस्तुत कर रहा है – समाज से आग्रह करने की कोशिश कर रहा है कि जीवन की मधुरता का स्थान मौन पूरी तरह से न ले ले, इससे पहले हम सब को एक साथ आकर इस बारे में बड़ा कदम उठाने की जरूरत है, तभी हमारी आनेवाली पीढ़ी भी इन ध्वनियों का आनंद ले सकेगी।





