झिंगुरदा (सिंगरौली) – राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर शुक्रवार को नॉर्थन कोलफील्ड्स लिमिटेड (एनसीएल) के झिंगुरदा क्षेत्र में चतुर्थ अंतर्क्षेत्रीय क्रॉस कंट्री प्रतियोगिता का भव्य आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में पुरुष वर्ग के लिए 8 किलोमीटर तथा महिला वर्ग के लिए 2.5 किलोमीटर दौड़ का आयोजन किया गया, जिसमें खिलाड़ियों ने पूरे उत्साह और जोश के साथ भाग लिया।
एनसीएल की 13 परियोजनाओं एवं इकाइयों से 79 पुरुष और 30 महिला प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया। प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए पुरुष वर्ग में जयंत क्षेत्र के जगत वैश्य ने प्रथम, ब्लॉक-बी के हरीश यादव ने द्वितीय तथा निगाही क्षेत्र के स्वामी सनमुख अप्पा ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। वहीं महिला वर्ग में अमलोरी क्षेत्र की तृप्ति पुरी ने प्रथम, नेहरू शताब्दी चिकित्सालय (एनएससी) की शिल्पी सिंह ने द्वितीय और एनएससी की ही मीना कुमारी ने तृतीय स्थान हासिल किया।
टीम चैंपियनशिप में भी खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया। पुरुष वर्ग में जयंत क्षेत्र की टीम विजेता बनी, जबकि महिला वर्ग में एनएससी की टीम ने चैंपियनशिप का खिताब अपने नाम किया।
प्रतियोगिता का शुभारंभ झिंगुरदा क्षेत्र के महाप्रबंधक अशीम कुमार बाग ने हरी झंडी दिखाकर किया। समापन समारोह में एनसीएल के निदेशक (मानव संसाधन) मनीष कुमार मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। इस दौरान जेसीसीसी सदस्यगण, क्षेत्रीय महाप्रबंधक, मुख्यालय से महाप्रबंधक (मानव संसाधन), स्पोर्ट्स प्रमोशन बोर्ड के सदस्य, अधिकारी और बड़ी संख्या में कर्मचारी मौजूद रहे।
कुमार ने सभी को राष्ट्रीय खेल दिवस की शुभकामनाएं दीं और खिलाड़ियों के उत्साहवर्धन के साथ विजेता टीमों व उत्कृष्ट खिलाड़ियों को सम्मानित किया।
यह प्रतियोगिता एनसीएल कर्मियों में खेल भावना, टीम भावना और स्वास्थ्य जागरूकता को बढ़ावा देने का उत्कृष्ट प्रयास साबित हुई।





