(प्रणयकुमार बंडी)
घुग्घूस (चंद्रपुर) – राजीव रतन चौक पर बन रहे रेलवे उड्डाणपुल (फ्लायओवर) की धीमी गति और निर्माण कार्य में हो रही देरी को लेकर कांग्रेस पार्टी ने कड़ा रुख अपनाया है। सोमवार को कांग्रेस अध्यक्ष राजुरेड्डी ने महारेल के उप-महाव्यवस्थापक (DGM) श्रीकांत गौड और सीनियर मैनेजर प्रशांत लोकांडे से मुलाकात कर पुल निर्माण कार्य की विस्तृत जानकारी ली और जल्द से जल्द निर्माण पूरा करने की मांग रखी।
राजुरेड्डी ने अधिकारियों को स्पष्ट चेतावनी दी कि यदि यह पुल जल्द पूरा नहीं हुआ तो कांग्रेस आंदोलन करने पर मजबूर होगी।
तीन साल से अटका है निर्माण कार्य
चंद्रपुर-वणी महामार्ग पर स्थित राजीव रतन चौक पर आर.के. मदानी कंपनी द्वारा पिछले तीन वर्षों से यह रेलवे उड्डाणपुल बनाया जा रहा है। लेकिन निर्माण कार्य में लगातार देरी हो रही है। इस स्थान पर रेलवे गेट दिन में कम से कम 20 से 25 बार बंद होता है, जिससे आम लोगों को भारी परेशानी उठानी पड़ती है।
अनेक लोगों की जान पर बन आई
स्थानीय लोगों के अनुसार, रेलवे गेट पर जाम में फंसने के कारण कई गर्भवती महिलाओं और मरीजों की जान जोखिम में पड़ चुकी है। वहीं वेकोली कॉलोनियों से आने-जाने वाले छात्र, वरिष्ठ नागरिक और नौकरीपेशा लोगों को भी प्रतिदिन भारी ट्रैफिक का सामना करना पड़ रहा है।
जाम से हाल बेहाल, कोई वैकल्पिक मार्ग नहीं
यह मार्ग एकतरफा (सिंगल लेन) होने के कारण जाम की स्थिति और भी गंभीर हो जाती है। कभी-कभी दो से तीन घंटे तक ट्रैफिक जाम लगा रहता है, जिससे पैदल चलना भी मुश्किल हो जाता है। इस मुद्दे को लेकर पहले भी कई बार आंदोलन हो चुके हैं।
बैठक में कई कांग्रेस पदाधिकारी रहे मौजूद
इस बैठक में कांग्रेस नेता सैय्यद अनवर, जिला महासचिव अलीम शेख, सोशल मीडिया जिलाध्यक्ष रोशन दंतलवार, तालुका उपाध्यक्ष श्रीनिवास गुडला, कपिल गोगला, विजय रेड्डी, अंकुश सपाटे सहित कई पदाधिकारी मौजूद थे।
जनता का सवाल: दिखावटी राजनीति कब तक?
स्थानीय जनता अब यह सवाल उठाने लगी है कि आखिर यह निर्माण कार्य कब तक पूरा होगा? नेताओं के पास कोई ठोस जवाब नहीं है। साथ ही भारी वाहनों के लिए वैकल्पिक मार्ग की मांग भी अभी तक गंभीरता से नहीं उठाई गई है। ऐसे में बीजेपी, कांग्रेस, शिवसेना, राष्ट्रवादी, बीएसपी, आरपीआई सहित कई दलों के कार्यकर्ता केवल दिखावे की राजनीति कर रहे हैं – यह चर्चा अब शहर में जोर पकड़ रही है।





