उत्तरकाशी, उत्तराखंड — ज़िले के बड़कोट-यमुनोत्री मार्ग पर सिलाई बैंड इलाके में शनिवार देर रात बादल फटने की घटना सामने आई, जिसमें एक निर्माणाधीन होटल साइट को भारी क्षति पहुंची है। इस हादसे के बाद वहां रह रहे 8 से 9 मजदूर लापता हो गए हैं।
घटना की पुष्टि करते हुए उत्तरकाशी के जिलाधिकारी प्रशांत आर्य ने बताया कि प्रभावित स्थल पर राहत और बचाव कार्य तेजी से जारी है। स्थानीय प्रशासन, एसडीआरएफ और पुलिस की टीमें मौके पर तैनात हैं। मलबे में दबे लोगों की तलाश के लिए सर्च ऑपरेशन चल रहा है।
इस आपदा की वजह से यमुनोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग भी प्रभावित हुआ है, जिससे आवाजाही में रुकावट आई है। रास्ता खुलवाने के लिए जेसीबी और अन्य भारी मशीनें लगाई गई हैं।
प्रशासन ने स्थानीय लोगों से अपील की है कि वे अफवाहों से दूर रहें और सुरक्षित स्थानों पर बने रहें। मौसम विभाग द्वारा आगामी 24 घंटों के लिए भारी बारिश की चेतावनी दी गई है, जिससे सतर्कता और बढ़ा दी गई है।
इस प्राकृतिक आपदा के चलते चारधाम यात्रा के यमुनोत्री रूट पर अस्थायी रूप से असर पड़ा है। प्रशासन स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है और लापता मजदूरों को सुरक्षित निकालने के प्रयास जारी हैं।




