प्रणयकुमार बंडी
घुग्घुस, चंद्रपुर : वणी-घुग्घुस मार्ग पर रविवार को एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया, जब कोयले से लदा भारी भरकम ट्रक क्रमांक MH40 CD 2178 बंगाली कैंप वसाहत के समीप अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे में वाहन चालक बाल-बाल बच गया, लेकिन दुर्घटना के बाद चालक मौके से फरार हो गया। घटना ने एक बार फिर इस व्यस्त मार्ग की सुरक्षा व्यवस्था और संबंधित विभागों की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
स्थानीय नागरिकों के अनुसार जहां ट्रक पलटा, वह क्षेत्र बंगाली कैंप वसाहत का टी-प्वाइंट है। यहां दिनभर लोगों का आना-जाना लगा रहता है, जबकि आसपास के बच्चे खुले में खेलते हैं। सड़क किनारे चाय की टपरी भी मौजूद है, जहां अक्सर लोगों की भीड़ रहती है। ऐसे संवेदनशील स्थान पर ट्रक का पलटना किसी बड़े हादसे की चेतावनी माना जा रहा है।
प्रत्यक्षदर्शियों और स्थानीय लोगों में चर्चा है कि सड़क का स्तर समतल नहीं होने तथा मार्ग की खराब स्थिति के कारण वाहन का संतुलन बिगड़ा और ट्रक पलट गया। यदि उस समय सड़क किनारे अधिक भीड़ होती या बच्चे वहां मौजूद होते, तो स्थिति बेहद भयावह हो सकती थी।
जिम्मेदार विभागों की भूमिका पर सवाल
वणी-घुग्घुस मार्ग से प्रतिदिन बड़ी संख्या में कोयला और अन्य भारी मालवाहक वाहन गुजरते हैं। ऐसे में मार्ग की सुरक्षा, रखरखाव और यातायात प्रबंधन की जिम्मेदारी IVRCL, सार्वजनिक निर्माण विभाग (PWD), ट्रैफिक सुरक्षा पुलिस तथा स्थानीय नगर प्रशासन पर भी आती है। इसके बावजूद सड़क की स्थिति, सुरक्षा उपायों और नियमित निगरानी को लेकर लगातार शिकायतें सामने आती रही हैं।
स्थानीय नागरिकों का आरोप है कि मार्ग पर कई स्थानों पर सड़क असमतल है, पर्याप्त चेतावनी संकेतक नहीं हैं और दुर्घटना संभावित क्षेत्रों की ओर जिम्मेदार विभागों का ध्यान नहीं है। सवाल यह उठता है कि जब इस मार्ग से प्रतिदिन सैकड़ों भारी वाहन गुजरते हैं, तब भी सुरक्षा व्यवस्था को लेकर गंभीर कदम क्यों नहीं उठाए जा रहे?
क्या किसी बड़ी दुर्घटना का इंतजार?
यह घटना केवल एक सड़क दुर्घटना नहीं, बल्कि जिम्मेदार विभागों की कथित उदासीनता की ओर भी इशारा करती है। आखिर कब तक नागरिक अपनी जान जोखिम में डालकर इस मार्ग से गुजरते रहेंगे? क्या प्रशासन और संबंधित एजेंसियां किसी बड़े हादसे के बाद ही जागेंगी?
खबर लिखे जाने तक दुर्घटना के कारणों और वाहन चालक के संबंध में अधिक जानकारी प्राप्त होने की प्रतीक्षा थी। वहीं स्थानीय नागरिकों ने मार्ग की सुरक्षा व्यवस्था और सड़क की स्थिति की तत्काल जांच कर आवश्यक सुधारात्मक कार्रवाई की मांग की है।




