नई दिल्ली : दिल्ली की कार्यवाहक मुख्यमंत्री और आम आदमी पार्टी (AAP) की नेता आतिशी ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर मुख्यमंत्री पद के लिए नाम घोषित न करने को लेकर तीखा हमला बोला है. उन्होंने कहा कि दिल्ली विधानसभा चुनाव के नतीजे घोषित हुए 10 दिन हो चुके हैं, लेकिन भाजपा अब तक मुख्यमंत्री पद के लिए कोई फैसला नहीं ले पाई है.
आतिशी ने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा, “दिल्ली की जनता को उम्मीद थी कि 9 तारीख को भाजपा अपने मुख्यमंत्री पद के उम्मीदवार की घोषणा करेगी, 10 तारीख को शपथ ग्रहण समारोह होगा और फिर तुरंत बाद दिल्ली में जनता के काम शुरू होंगे. लेकिन आज 10 दिन बीत जाने के बाद भी भाजपा मुख्यमंत्री पर निर्णय नहीं ले पाई है. इससे साफ हो गया है कि भाजपा के पास मुख्यमंत्री का कोई चेहरा नहीं है, दिल्ली सरकार चलाने के लिए उनके पास एक भी ऐसा व्यक्ति नहीं है जिसका चयन करके वे मुख्यमंत्री बना सकें.”
गौरतलब है कि हाल ही में संपन्न दिल्ली विधानसभा चुनाव में भाजपा ने 48 सीटों पर जीत दर्ज की थी, जबकि आप को 22 सीटों पर संतोष करना पड़ा था. चुनावी नतीजों के बाद से ही नई सरकार के गठन को लेकर अटकलें तेज थीं, लेकिन भाजपा की ओर से मुख्यमंत्री पद के लिए किसी नाम की घोषणा न होने से विपक्षी दलों को सवाल उठाने का मौका मिल गया है.
आतिशी ने आगे कहा कि भाजपा की इस देरी से यह भी साफ हो गया है कि पार्टी के अंदर मुख्यमंत्री पद के लिए सहमति नहीं बन पा रही है. उन्होंने कहा कि दिल्ली की जनता यह देख रही है कि भाजपा के पास सरकार चलाने के लिए कोई मजबूत नेता नहीं है, और वे केवल सत्ता हथियाने के लिए राजनीति कर रहे हैं.
अब देखना होगा कि भाजपा कब तक अपने मुख्यमंत्री उम्मीदवार की घोषणा करती है और दिल्ली में नई सरकार का गठन कब तक होता है. दिल्ली की जनता भी इस फैसले का बेसब्री से इंतजार कर रही है.




